रायपुर, एजेंसी। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर छत्तीसगढ़ में आज भी जारी है। सरगुजा और रायपुर में रात से लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने उत्तर छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। प्रदेश के 14 जिलों के स्कूलों में आज भी छुट्टी है। वहीं दुर्ग और रायगढ़ के स्कूलों में कल भी छुट्टी रहेगी। बलरामपुर, मुंगेली और धमतरी में बारिश से खेतों में कटाई के बाद रखी धान की फसल भीग गई है। लगातार नमी से धान के दाने काले पड़ने और फसल में फफूंद लगने का खतरा है। बारिश जारी रहने पर किसानों को नुकसान हो सकता है।
बुधवार को बस्तर संभाग से बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू हुआ, जिसका असर रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में दिखा। शाम को रायपुर में 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं और तेज बारिश हुई।
अंबिकापुर में रात से लगातार बारिश हो रही है।
बलरामपुर में खेतों में कटकर रखी धान की फसल भीगी।

रायगढ़ के पुसौर में तेज हवाओं के चलते धान की खड़ी फसल झुक गई।
धमतरी के आसपास खेतों में तैयार धान की फसल जमीन पर गिर गई है।
तूफान अर्नब के असर से दंतेवाड़ा में मंगलवार शाम को आसमान लाल नजर आया।
रायपुर में बुधवार दिनभर बारिश होती रही, गुरुवार सुबह भी बूंदाबांदी जारी है।
दुर्ग में बारिश के साथ ठंडी हवाएं चलती रही।
दंतेवाड़ा स्थित दंतेश्वरी मंदिर के पास मंगलवार शाम को इस तरह नजारा था।
गरियाबंद में भी मंगलवार शाम आसमान में लालिमा छाई रही।
चक्रवात अर्नब के असर से बिलासपुर में भी बारिश होती रही।
तूफान कमजोर होगा, छत्तीसगढ़ में बारिश जारी रहेगी
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान ‘अर्नब आंध्र प्रदेश और यनम के तटों को पार कर चुका है। इसके अगले 48 घंटों में उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और धीरे-धीरे कमजोर होने की संभावना है।
अगले 6 घंटे में इसके कमजोर होकर चक्रवाती तूफान और उसके बाद अगले 6 घंटे में लो प्रेशर एरिया में बदलने का अनुमान है।
इसके असर से आज (29 अक्टूबर) उत्तर छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश हो सकती है। प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
अगले दो दिनों में भी कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है।
रायपुर में दिन का तापमान सामान्य से 4.8 डिग्री कम
रायपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 4.8 डिग्री कम, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक रहा।
शहर में शाम 5:30 बजे तक 8.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक, आज (गुरुवार) रायपुर का अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
आसमान में बादल छाए रहने के साथ कुछ जगहों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
