तेल अवीव, एजेंसी। इजराइल में नई सरकार बनाने के लिए याशार पार्टी के प्रमुख गादी आइजनकोट ने कार्यवाहक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की पार्टी लिकुड को बुलाया है।
दोनों पार्टियों के बीच रविवार को गठबंधन सरकार बनाने को लेकर बातचीत होगी। आइजनकोट ने साफ किया है कि नई सरकार बनने पर प्रधानमंत्री वह खुद बनेंगे।
इसके एक हफ्ते पहले नेतन्याहू ने आइजनकोट से अपील की थी कि मिलकर सरकार बनाते हैं। लेकिन आइजनकोट ने कहा था कि नेतन्याहू चुनाव हार चुके हैं। उनकी चाल में नहीं फंसूंगा।
नेतन्याहू और आजनकोट किसी के पास बहुमत नहीं
27 अक्टूबर को हुए चुनाव में नेतन्याहू की पार्टी ने बहुमत गंवा दिया था। इजराइल की संसद में कुल 120 सीटें हैं। सरकार बनाने के लिए 61 सीट चाहिए। नेतन्याहू के गठबंधन को 53 और आइजनकोट के गठबंधन को 48 सीटें मिलीं।
आइजनकोट को 19 सीटों वाले अरब पार्टियों ने समर्थन दिया। इसके बाद राष्ट्रपति ने आइजनकोट को सरकार बनाने का पहला मौका दिया है।

अरब पार्टी से समर्थन लेने में झिझक रहे आइजनकोट
अरब पार्टियों के पास 19 सीटें हैं। ये आइजनकोट को समर्थन देने के लिए तैयार हैं लेकिन आइजनकोट को समर्थन देने वाले दूसरे कई नेता इन पार्टियों के साथ सरकार बनाने के पक्ष में नहीं हैं।
अरब पार्टी से समर्थन न लेने की 3 बड़ी वजह
- हमास को लेकर मतभेद: आइजनकोट चाहते हैं कि सरकार में शामिल होने वाली पार्टियां हमास को आतंकी संगठन मानें और उसे खत्म करने का समर्थन करें। उनका कहना है कि अरब पार्टियां उनकी इन शर्तों पर खरी नहीं उतरतीं।
- इजराइल की पहचान का मुद्दा: आइजनकोट चाहते हैं कि सरकार में शामिल पार्टियां इजराइल को यहूदी और लोकतांत्रिक देश मानें। अरब पार्टियों के साथ इस मुद्दे पर मतभेद हैं।
- गठबंधन के अंदर विरोध: आइजनकोट के चार पार्टियों वाले गठबंधन में से तीन पार्टियां याशार, बियाहद और इजराइल बेतेनु ने चुनाव के दौरान अरब पार्टियों के साथ सरकार नहीं बनाने का वादा किया था।
सरकार बनाने के लिए 6 दिसंबर तक का समय
राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने 8 नवंबर को आइजनकोट को सरकार बनाने की जिम्मेदारी सौंपी थी। उन्हें इसके लिए 28 दिन का समय दिया गया है। इस तरह उनके पास 6 दिसंबर तक का समय है। जरूरत पड़ने पर 14 दिन की अतिरिक्त मोहलत भी मिल सकती है।
नेतन्याहू और आइजनकोट की पार्टियों के बीच पिछले रविवार को भी बातचीत हुई थी, लेकिन कोई सहमति नहीं बन पाई थी। इसके बाद दोनों ने एकदूसरे पर एकता सरकार बनाने में गंभीर नहीं होने का आरोप लगाया था।
इजराइल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग नई सरकार बनाने की जिम्मेदारी गादी आइजनकोट को सौंपते हुए।
नेतन्याहू के साथ सरकार नहीं बनाना चाहते पूर्व PM बेनेट
इजराइल के पूर्व प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट ने गादी आइजनकोट को अगली सरकार बनाने के लिए समर्थन दिया है। लेकिन उन्होंने यह भी साफ कहा है कि उनकी पार्टी बियाहद, बेंजामिन नेतन्याहू के नेतृत्व वाली सरकार में शामिल नहीं होगी।
नफ्ताली बेनेट की पार्टी बियाचाद को 12 सीटें मिली हैं। यह पार्टी यायर लैपिड की येश अतीद पार्टी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ी थी।
इजराइल के पूर्व प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट।
समर्थन के बदले बेनेट की नई सरकार से 3 बड़ी मांगें
- 7 अक्टूबर हमले की जांच: साल 2023 में हमास के हमले से जुड़ी सुरक्षा चूकों की जांच के लिए सरकारी आयोग बनाया जाए।
- PM का कार्यकाल तय हो: कोई भी प्रधानमंत्री अधिकतम 8 साल (2 कार्यकाल) तक ही पद पर रह सके।
- सैनिकों को आर्थिक मदद: सरकारी सुविधाओं और आर्थिक मदद का फायदा सेना में सेवा देने वाले रिजर्व सैनिकों को प्राथमिकता से मिले, न कि सैन्य सेवा से बचने वालों को।
अरब पार्टियों के समर्थन से नया स्पीकर बना
इजराइल की संसद नेसेट में 17 नवंबर को गादी आइजनकोट की पार्टी याशार के नेता मतान कहाना स्पीकर चुने गए। उन्हें 66 वोट मिले, जबकि नेतन्याहू की लिकुड पार्टी के उम्मीदवार को 52 वोट मिले।
कहाना को आइजनकोट के गठबंधन के अलावा दो अरब पार्टियों जॉइंट लिस्ट और राअम का भी समर्थन मिला।
आइजनकोट के बगल में बैठे मतान कहाना इजराइली संसद के नए स्पीकर चुने गए हैं।
