DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कोरबा में नाला पार करते बुजुर्ग बहे, पति की मौत:पत्नी ने तैरकर बचाई जान, भीख मांगकर लौटते समय हुआ हादसा

कोरबा। कोरबा जिले में सोमवार को रामपुर से लगे डेंगूनाला बस्ती में नाला पार करते समय 60 वर्षीय गोरे लाल तेज बहाव में बह गया। जिससे उसकी मौत हो गई। उनकी 58 वर्षीय पत्नी जान बाई ने तैरकर अपनी जान बचाई।

गोरे लाल और जान बाई रामपुर बस्ती के निवासी थे और आसपास की बस्तियों में भीख मांगकर जीवन यापन करते थे। सोमवार सुबह वे बालको बस्ती से भीख मांगकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान डेंगूनाला उफान पर था, जिसे पार करने का प्रयास करते समय यह घटना हुई।

तेज बहाव में नाला पार करते समय बहे

नाला पार करते समय अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और दोनों पति-पत्नी बहने लगे। जान बाई ने संघर्ष करते हुए तैरकर खुद को सुरक्षित निकाल लिया, लेकिन गोरे लाल तेज बहाव में आगे बहते चला गया।

नाले के किनारे मौजूद स्थानीय लोगों ने गोरे लाल को पानी से बाहर निकाला और तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर जिला अस्पताल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और वैधानिक कार्रवाई शुरू की।

परिजनों ने बताया कि मृतक गोरे लाल की एक बेटी है जो पढ़ाई कर रही है। पति की मौत के बाद परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है। जिले में सोमवार सुबह से लगातार बारिश हो रही है, जिसके कारण नदी-नाले उफान पर हैं और कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।

यहां इतनी मिमी हुई बारिश

अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 जून से 6 जुलाई तक जिले में कुल 205.6 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। तहसीलवार आंकड़ों में कोरबा में 183.1 मिमी, अजगरबहार में 147.7 मिमी, भैंसमा में 220.9 मिमी, करतला में 137.3 मिमी, बरपाली में 207.8 मिमी, कटघोरा में 207.2 मिमी, दीपका में 271.6 मिमी, दर्री में 199.1 मिमी, पाली में 274.2 मिमी, हरदीबाजार में 212 मिमी, पोंड़ीउपरोड़ा में 239.4 मिमी और पसान में 113.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है।

Exit mobile version