कोरबा । कोरबा नगर निगम के नवनिर्वाचित सभापति नूतन सिंह ठाकुर को बीजेपी ने पार्टी से निष्कासित कर दिया है। साथ ही मंत्री लखनलाल देवांगन को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नूतन सिंह ने पार्टी के आधिकारिक प्रत्याशी हितानंद अग्रवाल के खिलाफ बागी होकर चुनाव लड़ा और जीत हासिल की थी।
इस मामले की जांच के लिए भाजपा ने 3 सदस्यीय टीम का गठन किया है। 7 दिन के भीतर रिपोर्ट मांगी गई है। बीजेपी की जांच कमेटी में पूर्व विधायक गौरीशंकर अग्रवाल को संयोजक बनाया गया है। इसके अलावा रजनीश सिंह और श्रीनिवास राव को सदस्य बनाया गया है।
दरअसल, 8 मार्च को हुए निगम सभापति चुनाव में बीजेपी प्रत्याशी हितानंद अग्रवाल, बागी प्रत्याशी नूतन सिंह ठाकुर और निर्दलीय उम्मीदवार अब्दुल रहमान मैदान में थे। जिसमें नूतन सिंह ठाकुर को 33 पार्षदों ने वोट देकर सभापति बनाया था।

भाजपा ने कोरबा में बागी होकर चुनाव लड़ने और जांच को लेकर तीन सदस्यीय जांच दल का गठन किया है।
लखनलाल देवांगन से 48 घंटे के अंदर जवाब तलब
कोरबा में सभापति चुनाव के दौरान मंत्री लखनलाल देवांगन ने मीडिया में बयान दिया था। उन्होंने बागी नूतन सिंह को बधाई देते हुए कहा था कि, पार्टी ने हितानंद अग्रवाल को घोषित किया था। सभी पार्षद एक जुट होकर नूतन सिंह को समर्थन दिया। सबका फैसला मान्य है और हमारा उनको सहयोग रहेगा।
इस बयान को बीजेपी ने अनुशासन भंग करने की श्रेणी में पाया। साथ ही नोटिस में लिखा कि, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के निर्देश पर आप अपना पक्ष 48 घंटे के अंदर प्रस्तुत करें।
