DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

सूरजपुर में 7 लोगों पर गिरी बिजली, 1 मौत,6 घायल:रायपुर-रायगढ़ में बारिश, 33 जिलों में यलो-अलर्ट, बेमेतरा में सामान्य से 50% कम बरसा पानी

रायपुर,एजेंसी। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में 7 लोगों पर बिजली गिरी है, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। इस दौरान 6 और भी झुलसे हैं, जिनमें से 4 लोगों को कोरिया जिले के सोनहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। वहीं 2 बच्चों का इलाज सोनहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।

मिली जानकारी के मुताबिक महतारी वंदन योजना के तहत मिल रही राशि कटकर खाते में आ रही थी। इसे लेकर वह पालकेवरा ग्राम पंचायत सचिव के पास गए थे। सचिव को बुलाकर पेड़ के नीचे मोबाइल नंबर समेत अन्य दस्तावेज अपडेट करा रहे थे, तभी बिजली गिरी। मामला ओड़गी थाना क्षेत्र का है।

वहीं मौसम विभाग ने आज (सोमवार) प्रदेश के सभी जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान गरज चमक के साथ बिजली गिर सकती है। अगले 2 दिनों तक यही स्थिति बनी रहेगी। इन सबके बीच सोमवार दोपहर रायपुर और रायगढ़ में बारिश हुई है।

मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा। पिछले 24 घंटों में ज्यादातर जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई है। सबसे ज्यादा 60 MM बारिश तोंगपाल में हुई है। वहीं प्रदेश में अब तक सबसे ज्यादा बलरामपुर जिले में पानी बरसा है और सबसे कम बेमेतरा जिले में।

बलरामपुर में सबसे ज्यादा पानी बरसा

प्रदेश में अब तक 1033.2 मिमी बारिश हुई है। बेमेतरा जिले में अब तक 483.7 मिमी पानी बरसा है, जो सामान्य से 50% कम है। अन्य जिलों जैसे बस्तर, राजनांदगांव, रायगढ़ में वर्षा सामान्य के आसपास हुई है।वहीं, बलरामपुर जिले में सबसे ज्यादा 1399.8 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 51% ज्यादा है।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में दिक्कत अभी बरकरार

पिछले हफ्ते उत्तरी और दक्षिणी छत्तीसगढ़ में भारी बारिश हुई। बस्तर संभाग के 4 जिलों में कई पुल टूट गए, 200 से ज्यादा घर ढह गए। नदियां-नाले उफान पर आ गए और बाढ़ जैसे हालात बन गए। प्रशासन को राहत और बचाव कार्य चलाना पड़ा।

प्रभावितों को राहत शिविर में रखा गया है। फिलहाल स्थिति सामान्य की ओर बढ़ रही है, लेकिन बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में दिक्कतें अब भी बरकरार हैं।

सूरजपुर में बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हैं।

सूरजपुर में बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हैं।

पुल टूटने के कारण ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्टेट हाईवे 5 के टूटे पुल पर सीढ़ी बांधकर लोग आना-जान कर रह हैं।

बस्तर में 200 से ज्यादा घर ढहे

बस्तर संभाग में पिछले दिनों हुई मूसलाधार बारिश के बाद चार जिलों दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा और बस्तर में बाढ़ से 200 से ज्यादा मकान ढह गए। 2196 लोग राहत शिविर में शिफ्ट किए गए। इन्हें स्कूल, इंडोर स्टेडियम, आश्रम जैसे जगहों पर ठहराया गया है।

अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है। अब बाढ़ के बाद की तस्वीरें भी सामने आई हैं। बारसूर में स्टेट हाईवे 5 पर पुल टूट गया, टूटे पुल पर अब सीढ़ी बांधकर ग्रामीण आना जाना कर रहे हैं। बता दें कि नारायणपुर, बस्तर, बीजापुर के 55 से 60 गांवों के ग्रामीण अपनी रोजमर्रा के सामानों के लिए बारसूर साप्ताहिक बाजार पहुंचते हैं।

Exit mobile version