कोरबा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा और कोरबा जिले में हाथियों का आतंक जारी है। सरगुजा के जंगल में एक हाथी ने ग्रामीणों को दौड़ाया और एक युवक को बुरी तरह कुचल दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है। घायल युवक का इलाज जारी है।
वहीं, कोरबा के कुदमुरा वन परिक्षेत्र के जिल्गा गांव में 11 हाथियों के झुंड को भगाने पहुंचे ग्रामीणों पर एक हाथी ने हमला कर दिया। ग्रामीण ट्रैक्टर छोड़कर भागे तो हाथी ने सूंड से उसे उठाकर पटक दिया और पैरों से कुचलकर तोड़ दिया। दोनों घटनाएं सोमवार (23 नवंबर) सुबह की हैं।
घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल नहीं जाने और हाथियों को खुद भगाने की कोशिश नहीं करने की हिदायत दी है।
हाथी ने युवक को सूंड और पैरों से कुचलने की कोशश की।
हाथी के हमले से युवक घायल हो गया था, वह बाल-बाल बच गया।
ग्रामीण ट्रैक्टर छोड़कर भागे तो हाथी ने सूंड से उसे उठाकर पटक दिया और पैरों से कुचलकर तोड़ दिया।
केस 1 – हाथी ने युवक को दौड़ाकर कुचला
सरगुजा के टीरंग गांव में सोमवार को हाथी ने एक युवक पर हमला कर दिया। हमले में युवक घायल हो गया। हाथी के हमले में युवक बाल-बाल बचा। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
युवक को बतौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक इलाज के बाद अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। तीन हाथियों का दल जशपुर से सरगुजा वन क्षेत्र में पहुंचा है। इनमें से दो हाथी लुंड्रा पहुंच गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, जशपुर वन परिक्षेत्र से सरगुजा वन परिक्षेत्र में घुसे तीन हाथी सोमवार को टीरंग गांव पहुंचे। हाथियों के दल में एक नर, एक मादा और एक बच्चा शामिल है। टीरंग में फसल बचाने की कोशिश में ग्रामीण हाथियों को खदेड़ रहे थे। इसी दौरान नर हाथी ने ग्रामीण जागेश्वर उर्फ मंत्री पर हमला कर दिया।
हाथी के हमले में ट्रैक्टर बुरी तरह डैमेज हो गया है।
केस 2 – कोरबा में हाथी ने ट्रैक्टर तोड़ा
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में 11 हाथियों के झुंड को भगाने पहुंचे ग्रामीणों पर एक हाथी ने हमला कर दिया। ग्रामीण ट्रैक्टर छोड़कर भागे तो हाथी ने सूंड से उसे उठाकर पटक दिया और पैरों से कुचलकर तोड़ दिया। मामला कुदमुरा वन परिक्षेत्र के जिल्गा गांव की है।
धरमजयगढ़ की सीमा पार कर जिल्गा पहुंचा झुंड
जानकारी के मुताबिक, धरमजयगढ़ की सीमा पार कर 11 हाथियों का झुंड जिल्गा के जंगल में पहुंचा है। हाथियों के आबादी वाले इलाके में आने और धान की फसल को नुकसान पहुंचाने की आशंका थी। इसी वजह से ग्रामीण उन्हें जंगल की ओर खदेड़ने की कोशिश कर रहे थे।
ट्रैक्टर की आवाज सुनकर झाड़ियों से निकला हाथी
सोमवार सुबह जिल्गा के कुछ ग्रामीण सुखनंदन सिंह राठिया के ट्रैक्टर में सवार होकर जंगल पहुंचे थे। वे ट्रैक्टर की आवाज से हाथियों को भगाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों से एक हाथी निकला और ट्रैक्टर की ओर दौड़ पड़ा।
हाथी को अपनी ओर आते देख ग्रामीण ट्रैक्टर छोड़कर अलग-अलग दिशाओं में भाग गए। इसके बाद हाथी ने सूंड से ट्रैक्टर को उठाकर पटका और पैरों से कुचलकर क्षतिग्रस्त कर दिया।
दूसरे ट्रैक्टर से खींचकर गांव लाए
घटना के बाद ग्रामीण गांव पहुंचे और ट्रैक्टर मालिक को इसकी जानकारी दी। बाद में वे दूसरे किसान का ट्रैक्टर लेकर मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर को खींचकर गांव लाए। कुछ ग्रामीणों ने घटना का वीडियो मोबाइल से बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
कुदमुरा और करतला में भी हाथियों की मौजूदगी
वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग ने देर शाम टीम को जिल्गा के जंगल में भेजा। बताया गया कि जिल्गा के अलावा कुदमुरा के जंगल में एक और हाथी घूम रहा है। वहीं, करतला वन परिक्षेत्र में 6 हाथियों का झुंड मौजूद है।
वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रही है। ग्रामीणों को मुनादी कर जंगल की ओर नहीं जाने और हाथियों को खुद खदेड़ने की कोशिश नहीं करने की समझाइश दी गई है।

