DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कोरबा में हाथी ने बुजुर्ग महिला को कुचला, मौत:कटघोरा वनमंडल में तड़के हुआ हादसा, वन विभाग ने दी 25 हजार की तात्कालिक सहायता

कोरबा। कोरबा के कटघोरा वनमंडल क्षेत्र में एक हाथी के हमले में 70 वर्षीय महिला की मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना मंगलवार तड़के ग्राम पतुरिया डांड में हुई। बताया जा रहा है कि हाथी सरगुजा वनमंडल से भटककर इस क्षेत्र में पहुंचा था और पिछले दो दिनों से इलाके में विचरण कर रहा था।

वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, 23 जून की सुबह करीब 5:30 बजे ग्राम पतुरिया डांड निवासी सुखमत बाई (70), पति लोडुराम, रोज की तरह घर से बाहर निकली थीं। इसी दौरान क्षेत्र में मौजूद अकेले हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हाथी ने महिला को पैरों तले कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मौके पर पहुंचा वन अमला

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर आगे की कार्रवाई शुरू की। घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है।

वन विभाग ने जनपद सदस्य और ग्राम सरपंच की उपस्थिति में मृतका के परिजनों को 25 हजार रुपए की तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की। अधिकारियों ने बताया कि शासन के नियमानुसार शेष मुआवजा राशि की प्रक्रिया भी जल्द पूरी की जाएगी।

दो दिन से क्षेत्र में था हाथी

वन अधिकारियों के मुताबिक, संबंधित हाथी पिछले दो दिनों से कटघोरा वनमंडल क्षेत्र में घूम रहा था। उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही थी। इसके बावजूद तड़के यह हादसा हो गया।

ग्रामीणों के लिए अलर्ट जारी

घटना के बाद वन विभाग ने पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे सुबह और रात के समय अकेले खेतों या जंगल की ओर न जाएं। साथ ही हाथी के करीब जाने, उसे भगाने या उसके साथ सेल्फी लेने जैसी गतिविधियों से बचने की सलाह दी गई है।

वन विभाग ने लोगों से हाथी दिखने पर तुरंत कंट्रोल रूम या नजदीकी बीट गार्ड को सूचना देने की अपील की है। ग्रामीणों को सतर्क करने के लिए गांव-गांव में मुनादी भी कराई जा रही है और वन अमला लगातार लोगों को जागरूक कर रहा है।

Exit mobile version