DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

करंट से हुई थी हाथी की मौत लाइनमैन पर मामला दर्ज

Divya Akash

कोरबा । वन मंडल कोरबा के कुदमुरा रेंज में 11केवी बिजली तार की चपेट में आकर दंतैल हाथी की मौत हो गई थी। इस मामले में वन विभाग ने लाइनमैन के खिलाफ वन अधिनियम के तहत पीओआर दर्ज कर लिया है।

इसके साथ ही बिजली लाइन का सर्वे भी कराया जा रहा है। जांच के बाद बिजली अफसरों के खिलाफ भी कार्रवाई हो सकती है। जंगल के बीच से गुजरी बिजली लाइन की ऊंचाई बढ़ाने के लिए 1 साल से प्रक्रिया चल रही है। इसके बाद भी कई स्थानों पर बिजली के तार दो से तीन मीटर की ऊंचाई पर हैं। हाथी की ऊंचाई करीब 3 मीटर होती है। सूंड से 5 मीटर माना जाता है। बिजली विभाग बिजली के खंभे में 7.50 मीटर की ऊंचाई पर तार खींचता है, लेकिन कुदमुरा रेंज के समरकना लबेद डैम के पास 11 केवीे तार की ऊंचाई ढाई मीटर के करीब थी। इसकी सूचना देने के बाद भी बिजली विभाग ने ऊंचाई नहीं बढ़ाई। वन मंडल के एसडीओ एसके सोनी का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है। अभी थाने में एफआईआर नहीं हुई है। अभी विभाग की ओर से ही कार्रवाई की गई है। जांच के बाद ही मामले में दोषियों के खिलाफ एफआईआर कराई जाएगी। कोरबा वन मंडल के कुदमुरा में 26 हाथी और करतला में 8 हाथी घूम रहे हैं। अभी भी गीतकुंवारी, गुरमा और बोतली के जंगल में हाथी हैं।

Exit mobile version