DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कोरबा में हाथी ने युवक को मार डाला:शौच के लिए जंगल गया था; सूंड से उठाकर पटका, दहशत में ग्रामीण

कोरबा । छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में हाथी ने युवक को सूंड से पटककर मार डाला। घटना कटघोरा वन मंडल में पसान रेंज के ग्राम बनिया में गुरुवार शाम 8 बजे हुई। तीजराम (22) गांव से सटे नर्सरी जंगल में शौच के लिए गया था। वहां हाथी ने उस पर हमला कर दिया।

हाथी की चिंघाड़ सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए। जब तीजराम लंबे समय तक घर नहीं लौटा, तो ग्रामीण उसकी तलाश में निकले। उन्होंने तीजराम को मृत अवस्था में पाया।

ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना मिलने के बावजूद वन विभाग के कर्मचारी समय पर नहीं पहुंचे। इस दौरान हाथी आसपास के क्षेत्र में घूम रहा था, जिससे लोगों की जान खतरे में थी।

वन विभाग ने हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा

बाद में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा। घटना के बाद से ग्रामीण डर के मारे रातभर जागते रहे। वन विभाग की टीम हाथी पर नजर रखे हुए है।

वन विभाग ने ग्रामीणों को अलर्ट किया है कि वे जंगल में न जाएं। साथ ही हाथी के पास जाने या उसके साथ छेड़छाड़ करने से बचें। विभाग का कहना है कि ऐसा करने से हाथी आक्रामक हो सकता है।

Exit mobile version