कबीरधाम, एजेंसी। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में हाथियों के हमले में एक सप्ताह के भीतर 2 महिलाओं की मौत हो गई। वहीं रविवार को हाथी को देखकर भागते समय किसान महेश अगरिया घायल हो गया।
जिले में 2 अलग-अलग हाथी दल सक्रिय हैं। जून में झुंड से बिछड़ा अकेला दंतैल हाथी लोगों पर हमला कर रहा है। वहीं चार हाथियों का दल खेतों में फसल रौंदने, धान के ढेर उजाड़ने और मकानों को नुकसान पहुंचा रहा है।
इसी 4 हाथियों के दल ने रविवार रात केसमरदा गांव में उत्पात मचाया। हाथियों ने बैगा परिवारों के घरों में तोड़फोड़ की।
जबकि पंडरिया, तरेगांव और कवर्धा वन परिक्षेत्र के आसपास भी हाथियों की मौजूदगी है। वन विभाग ने 20 गांवों में अलर्ट जारी कर मुनादी कराई है।
रविवार को हाथी को देखकर भागते समय किसान महेश अगरिया घायल हो गया।
चार हाथियों का दल खेतों में फसल रौंद रहा और मकानों को नुकसान पहुंचा रहा है।
अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रामीणों को हाथियों से बचने के तरीके बताए।
हाथी को देखकर भागा किसान, गिरने से घायल
रविवार को तरेगांव वन परिक्षेत्र के शंभू पीपर गांव में किसान महेश अगरिया का सामना हाथी से हो गया। हाथी को देखकर वो भागने लगा। इस दौरान गिरने से उसके पैर और कमर में चोट आई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जिले में 2 अलग-अलग दल सक्रिय
जिले में हाथियों के दो अलग-अलग दल विचरण कर रहे हैं। जून में झुंड से बिछड़ा अकेला दंतैल हाथी लोगों पर हमला कर रहा है। वहीं, चार हाथियों का दल खेतों में घुसकर फसल रौंद रहा है। यह दल धान के ढेर उजाड़ने के साथ मकानों को भी नुकसान पहुंचा रहा है।
चार हाथियों का दल पंडरिया वन परिक्षेत्र के रुकमणी दादर, चौगड्डा और ठाड़ पथरा इलाके में घूम रहा है। जंगल से लगे गांवों में ग्रामीणों के लिए खेतों तक पहुंचना और रोजमर्रा के काम करना जोखिम भरा हो गया है।
ढोलबज्जा बीट में एक जंगली हाथी की मौजूदगी दर्ज की गई है।
तरेगांव और कवर्धा वन परिक्षेत्र में हाथी की मौजूदगी
22 नवंबर को तरेगांव वन परिक्षेत्र के बोक्करखार सर्किल अंतर्गत ढोलबज्जा बीट में एक जंगली हाथी की मौजूदगी दर्ज की गई। इसके बाद कवर्धा वन परिक्षेत्र के आमनारा बीट कक्ष क्रमांक 307 में हाथी के पदचिह्न और लीद भी मिले हैं।
वन विभाग के मुताबिक हाथी के विचरण से अब तक फसल नुकसान के दो मामले सामने आए हैं। हालांकि, इस क्षेत्र में मकान क्षति और जनहानि की सूचना नहीं मिली है।
गांवों में मुनादी कर ग्रामीणों को किया जा रहा सतर्क
हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग का अमला गांव-गांव पहुंचकर लोगों को जागरूक कर रहा है। तरेगांव वन परिक्षेत्र के मुंडादादर सर्किल अंतर्गत ग्राम बाकी में अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रामीणों को हाथियों से बचने के तरीके बताए।
ग्रामीणों को जंगल की ओर अकेले नहीं जाने, हाथी दिखाई देने पर उससे दूरी बनाए रखने और उसके पास जाकर छेड़छाड़ नहीं करने की समझाइश दी गई। गांव में मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है।
वन विभाग का अमला गांव-गांव पहुंचकर लोगों को जागरूक कर रहा है।
इन 20 गांवों में अलर्ट जारी
वन विभाग ने आमापानी, माचापानी, ढोलबज्जा, शक्तिपानी, धौराटोला, थूहापानी, चोड़चोड़ा, तेंदूपड़ाव, जमुनपानी, बोलदा, बावापथरा, खरिया, मुड़घुसरी, मांदीभाठा, छीरपानी जलाशय, अगरी, भीरा, खुरमुंदा, भलपहरी और महली सहित आसपास के गांवों में अलर्ट जारी किया है।
वन विभाग की ग्रामीणों से अपील
वन विभाग ने ग्रामीणों से अनावश्यक रूप से जंगल की ओर नहीं जाने की अपील की है। हाथी दिखाई देने पर उसके पास जाने, उसे छेड़ने या भगाने की कोशिश न करें। हाथी की मौजूदगी की सूचना तत्काल वन विभाग को दें। विभागीय अमला हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रहा है।

