DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

दिवाली की रात हाथियों ने 2 ग्रामीणों को कुचला, मौत:कबरा कान वाले हाथी का आतंक, 6 महीने में 14 लोगों की मौत, रेस्क्यू की मांग

सूरजपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में दिवाली की रात हाथियों के हमले में 2 लोगों की मौत हो गई। प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के सकलपुर गांव में कबरा कान वाले हाथी ने दिवाली मनाने एक गांव से दूसरे गांव जा रहे ग्रामीण को कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं, सूरजपुर वन परिक्षेत्र के सलका बीट के ग्राम पंचायत सोनपुर सु के पण्डोपारा में धान की फसल की रखवाली कर रहे 40 साल के ग्रामीण को दूसरे हाथी ने कुचलकर मार डाला।

कबरा कान वाले हाथी के हमले की एक सप्ताह में यह तीसरी घटना है। पिछले 6 महीने में इस हाथी के हमलों में 14 लोगों की जान जा चुकी है। ग्रामीणों ने हाथी को ट्रैंकुलाइज कर रेस्क्यू सेंटर में रखने की मांग की है।

बता दें कि पिछले सप्ताह सरगुजा-सूरजपुर सीमा पर भी हाथी के हमले में 2 लोगों की मौत हुई थी। बाइक से जा रहे एक प्यून को हाथी ने कुचल दिया था, जबकि उनके भतीजे ने छिपकर अपनी जान बचाई थी। दूसरी घटना में हाथी ने खेत में एक ग्रामीण को कुचल दिया था।

प्रतापपुर वन परिक्षेत्र में रहने वाला मट्टूलाल धान की रखवाली कर रहा था।

घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

केस- 1 धान की रखवाली कर रहे ग्रामीण पर किया हमला

पहली घटना प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के सकलपुर गांव की है। जानकारी मुताबिक, 40 साल का मट्टूलाल अपने घर के पास धान की फसल की रखवाली कर रहा था। इसी दौरान अचानक हाथी ने मट्टूलाल पर हमला कर दिया।

हमले में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। मट्टूलाल के शव का पंचनामा किया गया, जिसके बाद पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया गया।

अचानक हाथी ने धान की रखवाली कर रहे मट्टूलाल पर हमला कर दिया।

हाथी की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत

घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वन विभाग की टीम हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। ग्रामीणों को सतर्क रहने और अकेले जंगल की ओर नहीं जाने की सलाह दी गई है। साथ ही हाथियों की मौजूदगी वाले इलाकों में जाने से बचने की अपील की गई है।

ग्रामीण दिवाली कार्यक्रम में शामिल होने एक गांव से दूसरे जा रहा था।

ग्रामीण दिवाली कार्यक्रम में शामिल होने एक गांव से दूसरे जा रहा था।

केस- 2 दिवाली कार्यक्रम में जा रहे ग्रामीण को कुचला

दूसरी घटना प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के सकलपुर गांव में की है। दरअसल, 8 नवंबर को कबरा कान वाला हाथी सूरजपुर वन परिक्षेत्र के तमोर से निकलकर प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के पंडरीदांड और सकलपुर होते हुए श्यामनगर के पास पहुंचा था।

वन विभाग की हाथी मित्र दल और कर्मचारियों की टीम लगातार मुनादी कर ग्रामीणों को हाथी की मौजूदगी की जानकारी दे रही थी। रात करीब 11 बजे श्यामनगर निवासी कृष्णा रजवाड़े (42) दिवाली कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पगडंडी रास्ते से ग्राम तमोर जा रहा था।

इसी दौरान उसका सामना हाथी से हो गया। हाथी ने उन पर हमला कर दिया। वह बचकर भाग नहीं सके और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस की कार्रवाई के बाद वन परिक्षेत्र अधिकारी प्रतापपुर ने शव को भटगांव के शवगृह में रखवाया है। पीएम के बाद परिजनों को शव सौंपा जाएगा।

ग्रामीणों की मांग है कि हाथी को रेस्क्यू सेंटर में रखा जाए।

कबरा कान वाले हाथी को रेस्क्यू सेंटर में रखने की मांग

ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही जनहानि के बावजूद हाथियों के हमलों पर रोक नहीं लग पा रही है। उन्होंने कबरा कान वाले हाथी को ट्रेंकुलाइज कर रेस्क्यू सेंटर में रखने की मांग की है। उनका कहना है कि हाथी को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू सेंटर में रखा जाए, ताकि आगे लोगों की जान जाने से रोका जा सके।

Exit mobile version