DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

रायगढ़ में हाथियों ने 39 किसानों की फसलों को रौंदा:45 हाथियों के दल ने मचाया उत्पात

रायगढ़,एजेंसी। रायगढ़ में बुधवार की रात को हाथियों ने धान फसल को रौंद दिया। घरघोड़ा रेंज में 45 हाथियों की मौजूदगी है, जो लगातार किसानों के फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं। वन विभाग की टीम नुकसान का आकलन कर रही है।

बुधवार की रात को समारूमा के जंगल से 45 हाथियों का झुंड निकलकर ग्रामीणों के खेतों तक पहुंच गया। यहां हाथियों ने 4 किसानों के फसल को रौंद दिया। उनके आने की जानकारी जब ग्रामीणों को लगी, तो उसे जंगल की ओर भगाने का प्रयास किया गया।

ऐसे में हाथी दल पड़कीपहरी होते हुए खूंटाडेरा, भालूमार, पंडरीपानी और अमलीडीह के खेतों में भी फसलों का नुकसान पहुंचाते हुए सुबह 5 बजे अमलीडीह के जंगल में चले गए। बताया जा रहा है कि इस दौरान हाथियों ने करीब 35 किसानों के फसलों रौंदा है। इसमें ज्यादा नुकसान भालूमार में हुआ है।

सप्ताह भर से डटा है दल

बताया जा रहा है कि 45 हाथियों का दल करीब सप्ताह भर से घरघोड़ा रेंज में डटा हुआ है। यह दल धरमजयगढ़ वन मंडल की ओर से रायगढ़ वन मंडल में पहुंचा। कई बार रात में नुकसान कर हाथियों का दल वापस धरमजयगढ़ वन मंडल में चला जाता था, लेकिन अभी कुछ दिनों से यह आसपास के जंगल में ही विचरण कर रहा है।

Exit mobile version