पुणे, एजेंसी। दिल्ली से पुणे जा रही इंडिगो की फ्लाइट में सोमवार को पैसेंजर ने इमरजेंसी दरवाजे के लीवर से छेड़छाड़ की। इससे उड़ान के दौरान अलार्म बज गया और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
यह घटना फ्लाइट 6E6884 में हुई। पुलिस के मुताबिक, यात्री गौरव सत्येंद्र रौतेला (33) पुणे का रहने वाला है और इमरजेंसी दरवाजे के पास बैठा था।
फ्लाइट ने सोमवार रात करीब 12.45 बजे दिल्ली से उड़ान भरी थी। यह करीब 2 बजे पुणे पहुंची। क्रू मेंबर की शिकायत पर पैसेंजर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, टेकऑफ के कुछ समय बाद पैसेंजर ने इमरजेंसी दरवाजे के लीवर पर लगे कवर से छेड़छाड़ की। इससे अलार्म बज गया।
पुलिस ने आरोपी पैसेंजर को नोटिस जारी किया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ ऐसी धारा में केस दर्ज किया गया है, जो लापरवाही या उतावलेपन में किए गए ऐसे काम से जुड़ी है, जिससे किसी व्यक्ति की जान या निजी सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।
पैसेंजर की सफाई- उसे नहीं पता था
पुलिस पूछताछ में आरोपी पैसेंजर ने बताया कि उसने यह सिर्फ जिज्ञासावश किया। उसे नहीं पता था कि यह लिवर इमरजेंसी दरवाजे से जुड़ा है।
पुलिस ने कहा कि इमरजेंसी दरवाजे के सिस्टम से छेड़छाड़ दूसरे यात्रियों की जान और सुरक्षा के लिए खतरा बन सकती है।

