DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

पंजाब में एयरफोर्स के अपाचे हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग:पठानकोट से उड़ान भरी थी, तकनीकी खामी के बाद खेत में उतारा

पठानकोट,एजेंसी। पंजाब के पठानकोट में शुक्रवार को एयरफोर्स के अपाचे हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग हुई। हेलिकॉप्टर ने पठानकोट एयरफोर्स स्टेशन से उड़ान भरी थी। जैसे ही वह हलेड़ा गांव के पास पहुंचा तो तकनीकी खामी आ गई। इसके बाद पायलट ने उसे खेत में लैंड करा दिया।

सूचना मिलते ही सेना और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। हेलिकॉप्टर में सवार जवान सुरक्षित हैं। किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है। सेना ने आसपास का एरिया सील कर दिया। इसके बाद किसी को आसपास नहीं जाने दिया गया। करीब 2 घंटे बाद हेलिकॉप्टर रवाना हो गया।

कल अहमदाबाद में एयर इंडिया की बोइंग 787 ड्रीमलाइनर फ्लाइट AI-171 क्रैश हो गई थी। इसमें विमान में सवार 241 लोगों की मौत हो गई। आज पठानकोट में जो अपाचे हेलिकॉप्टर लैंड हुआ है, उसे भी बोइंग कंपनी ही बनाती है।

एक हफ्ते पहले UP में हुई थी इमरजेंसी लैंडिंग

इससे पहले इसी महीने की 6 जून को UP के सहारनपुर में एयरफोर्स के अपाचे हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी थी। सरसावा स्टेशन से हेलिकॉप्टर ने उड़ान भरी थी। इसमें 2 पायलट थे। इसी दौरान हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ गई। पायलट ने तुरंत उसे यमुना नदी के किनारे जोधेबांस गांव के जंगल में लैंड करवा दिया। पायलटों ने हेलिकॉप्टर में आई खराबी की सूचना सरसावा एयरफोर्स स्टेशन को दी, जहां से इंजीनियरों की टीम दूसरे हेलिकॉप्टर से घटनास्थल पर आई थी।

सहारनपुर के जोधेबांस गांव में यमुना नदी के किनारे हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग हुई थी।

सहारनपुर के जोधेबांस गांव में यमुना नदी के किनारे हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग हुई थी।

मार्च में पंचकूला में क्रैश हुआ था जगुआर विमान

वहीं मार्च महीने में एयरफोर्स का फाइटर जेट जगुआर हरियाणा में पंचकूला के नजदीक क्रैश हो गया था। फाइटर जेट ने अंबाला एयरबेस से प्रशिक्षण के लिए उड़ान भरी थी। खराबी आने के बाद पायलट विमान को रिहायशी इलाके से दूर ले गया और खुद को इजेक्ट कर लिया। विमान पहले पेड़ों से टकराया, फिर जंगल के बीच एक खाई में गिरा। विमान के गिरते ही उसमें आग लग गई। वह कई टुकड़ों में बंट गया। ग्रामीणों ने वहां पहुंचकर पायलट को पानी पिलाकर मदद की।

मार्च में पंचकूला में जगुआर विमान क्रैश हो गया था। पायलट ने पहले ही खुद को इजेक्ट कर लिया था। जिसमें उसकी जान बच गई।

3 साल पहले फतेहाबाद में भी हुई थी इमरजेंसी लैंडिंग

करीब तीन साल पहले भी हरियाणा के फतेहाबाद के धागड गांव में आर्मी के एक हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग हुई थी। हेलिकॉप्टर को उतरते देख भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। करीब 10 मिनट तक हेलिकॉप्टर गोदान गढ़ के क्षेत्र में खड़ा रहा। उसके बाद हेलिकॉप्टर अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गया। इमरजेंसी लैंडिंग के पीछे क्या कारण थे, इसका पता नहीं चल पाया था। सूचना पाकर पुलिस भी पहुंची। मगर, तब तक हेलिकॉप्टर अपने गंतव्य की ओर उड़ान भर चुका था।

ये तस्वीर फतेहाबाद की है। 3 साल पहले सेना के हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग हुई थी।

Exit mobile version