DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

प्रदेशभर के कर्मचारी 29 से जाएंगे तीन दिवसीय हड़ताल पर

बिलासपुर में संभाग स्तरीय बैठक में हड़ताल को सफल बनाने की बनी रणनीति
जिला अध्यक्ष सूर्यप्रकाश कश्यप ने स्वागत किया कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के संयोजक कमल वर्मा का
बिलासपुर।
18 दिसम्बर को जल संसाधन के प्रार्थना सभा कक्ष में कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन की संभाग स्तरीय बैठक संपन्न हुई। बैठक में 29 से 31 दिसम्बर तक होने वाली प्रदेश भर के कर्मचारियों की हड़ताल को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा हुई।
कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के संयोजक कमल वर्मा की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न हुई। कार्यक्रम में अध्यक्षता करने पहुंचे कमल वर्मा का जिला अध्यक्ष सूर्यप्रकाश कश्यप ने स्वागत किया और मंच तक ले गए।
बैठक में संभाग और जिला के सभी प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे। संयोजक श्री वर्मा ने हड़ताल को सफल बनाने का आह्वान किया और कहा कि हमारी एकता और जायज मांगों के सामने सरकार नतमस्तक अवश्य होगी। जिला अध्यक्ष सूर्यप्रकाश कश्यप ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि हम कर्मचारियों के हित को सरकार दरकिनार करती है, जबकि सभी योजनाओं-परियोजनाओं के क्रियान्वयन का भार कर्मचारियों पर रहता है और हम पूरी ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से काम करते हुए योजनाओं के संचालन में अपनी भूमिका निभाते हैं और जब हमारे हित की बात आती है तो शाासन में बैठे मंत्री और अधिकारी चुप्पी साध लेते हैं। उन्होंने कहा कि मनोज पिंगुवा समिति की रिपोर्ट आज तक सार्वजनिक नहीं की गई और 2019 से आज तक का महंगाई भत्ता का एरियर्स की राशि जारी नहीं की गई। उन्होंने यह भी कहा कि जब किसी कर्मचारी की मृत्यु हो जाती है तो बिना योग्यता जाने उनके आश्रितों को भृत्य बना जाता है। अनुकम्पा नियुक्ति के नियम एवं शर्तों में आज तक कोई शिथिलता नहीं दिखाई गई। चार स्तरीय पदोन्नत वेतनमान की प्रक्रिया आज तक लंबित है। यही कारण है कि कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन के लिए मजबूर होते हैं। उन्होंने कहा इस आंदोलन को शत-प्रतिशत सफल बनाना है और यह हमारी एकजुटता से संभव है। श्री वर्मा ने सूर्यप्रकाश के विचारों का समर्थन किया और सभी से एकजुट रहने का आह्वान किया।

Exit mobile version