DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

अबूझमाड़ में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़:कोर इलाके में घुसी फोर्स, रुक-रुककर हुई गोलीबारी, सर्चिंग जारी

जगदलपुर/नारायणपुर,एजेंसी। नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। बताया जा रहा है कि नारायणपुर और कोंडागांव जिले से DRG और BSF की टीम को नक्सलियों के कोर इलाके में भेजा गया था।

दोनों तरफ से रुक-रुक कर गोलीबारी हुई है। फिलहाल, किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। जवान अब भी मौके पर ही मौजूद हैं। सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मुठभेड़ की पुष्टि बस्तर IG सुंदरराज पी. ने की है।

3 दिन पहले 7 नक्सलियों को किया था ढेर

3 दिन पहले भी छत्तीसगढ़-तेलंगाना बॉर्डर पर ग्रेहाउंड्स फोर्स ने महिला नक्सली समेत 7 नक्सलियों को मार गिराया था। जवानों ने मौके से एक-47 समेत अन्य हथियार भी बरामद किए हैं। मामला तेलंगाना के मुलुगु जिले के ईटूनगरम थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक नक्सली किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे, लेकिन जवानों ने मुठभेड़ में उन्हें ढेर कर दिया। इसी हफ्ते केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी बस्तर दौरे पर आने वाले हैं।

मारे गए नक्सलियों की हुई पहचान

मारे गए नक्सलियों की पहचान हो गई है। इनमें तेलंगाना स्टेट कमेटी मेंबर, डिविजनल कमेटी मेंबर, एरिया कमेटी मेंबर और पार्टी के 2 सदस्य शामिल हैं। सुरक्षाबलों ने सभी नक्सलियों के शव बरामद कर लिए हैं। प्रदेश में इस साल 207 से अधिक नक्सली मारे गए हैं।

केंद्रीय गृहमंत्री शाह के दौरे के पहले नक्सल ऑपरेशन तेज

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह दिसंबर के पहले सप्ताह में छत्तीसगढ़ आने वाले हैं। बस्तर में ओलिंपिक खेल कार्यक्रम के समापन समारोह में शामिल होंगे। साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों से अमित शाह नक्सलवाद खात्मे की रणनीति को लेकर मीटिंग करेंगे। उससे पहले जवानों ने नक्सल ऑपरेशन तेज कर दी है।

Exit mobile version