जगदलपुर/बीजापुर,एजेंसी। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के बासागुड़ा इलाके में शनिवार शाम को हुई मुठभेड़ में जवानों ने 17 लाख रुपए के इनामी 4 नक्सलियों को मार गिराया है। इनमें 2 महिला और 2 पुरुष नक्सली शामिल हैं। सभी के शव, INSAS, SLR समेत बड़ी संख्या में हथियार और विस्फोटक बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक जिले के दक्षिण-पश्चिमी जंगलों में नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता जानकारी मिली थी। इसी के आधार पर सुरक्षाबलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। एनकाउंटर में 4 हार्डकोर नक्सली मारे गए हैं।
खुफिया इनपुट पर चला सर्च ऑपरेशन
बीजापुर SP जितेन्द्र यादव ने बताया कि खुफिया इनपुट के आधार पर DRG (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) की टीम ने दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। 26 जुलाई की शाम को जंगल में सर्चिंग के दौरान नक्सलियों ने फायरिंग शुरू की, जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभाला।
इस दौरान करीब दो घंटे तक चली रुक-रुककर मुठभेड़ के बाद मौके से 4 शव बरामद किए गए। मारे गए नक्सलियों की पहचान हो गई है। एनकाउंटर में 3 ACM और एक कमांडर गार्ड मारा गया है।3 नक्सलियों पर 5-5 लाख और एक नक्सली पर 2 लाख का इनाम घोषित था।

बस्तर IG बोले-2024 से जुलाई 2025 तक 425 नक्सली ढेर
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने बताया कि 2024 में जो निर्णायक बढ़त हमने बनाई थी, उसे 2025 में और मजबूत किया जा रहा है। जनवरी 2024 से जुलाई 2025 तक सुरक्षाबलों ने 425 हार्डकोर नक्सलियों को ढेर किया है। यह हमारे बलों की प्रतिबद्धता, योजनाबद्ध रणनीति और जनसहयोग का प्रमाण है।
