जिला कार्यक्रम अधिकारी ने कहा-कलेक्टर द्वारा जांच टीम की घोषणा शीघ्र होगी
कोरबा/पोड़ी-उपरोड़ा। महिला एवं बाल विकास विभाग कोरबा की चोटिया परियोजना अंतर्गत आंगनबाड़ी भर्ती दो साल होने के बाद भी नहीं हो पाई। चोटिया परियोजना में प्रभारी परियोजना अधिकारी मनोज अग्रवाल के खिलाफ जिला पंचायत अध्यक्ष, जनपद पंचायत पोड़ी-उपरोड़ा अध्यक्ष, महिला एवं बाल विकास विभाग की सभापति सहित सदस्यों ने मोर्चा खोल दिया है और श्री अग्रवाल पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की गई है।
एक माह पूर्व जनपद अध्यक्ष श्रीमती माधुरी देवी ने कलेक्टर को मनोज अग्रवाल के खिलाफ जांच की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा था। हालांकि कलेक्टर ने जांच का आश्वासन दिया था और शिकायत पत्र को जिला कार्यक्रम अधिकारी के पास भेज दिया था। जानकारी के अनुसार जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती रेणु प्रकाश ने अनुशंसा कर कलेक्टर से जांच टीम गठन करने का अनुरोध किया है, ताकि जांच पूरी होने के बाद चोटिया परियोजना में लंबित आंगनबाड़ी भर्ती प्रक्रिया को पूरी की जा सके।
अब तक जांच की प्रक्रिया प्रारंभ न होने के कारण जनपद पंचायत पोड़ी के सदस्य काफी नाराज चल रहे हैं। उनका कहना है कि मनोज अग्रवाल के खिलाफ जांच की जाए और उन्हें वहां से हटाकर नए परियोजना अधिकारी के नेतृत्व में भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाए, ताकि वनांचल क्षेत्र में नौनिहालों को पोषण एवं शिक्षा मिल सके और 76 लोगों को नौकरी मिल सके।
आज फिर बैठक का बहिष्कार
प्रभारी परियोजना अधिकारी मनोज अग्रवाल ने भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए महिला एवं बाल विकास समिति की बैठक बुलाई थी, लेकिन अध्यक्ष सहित सभी सदस्य मनोज अग्रवाल को हटाने पर अड़े हुए हैं। आज सभी सदस्यों ने बैठक का फिर बहिष्कार कर दिया।
सैकड़ों बेरोजगार इंतजार करते थक गए
चोटिया परियोजना में 76 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की भर्ती होनी है और दो साल से अटकी पड़ी है। 76 पोस्ट के लिए क्षेत्र के सैकड़ों बेरोजगार युवतियों/महिलाओं ने आवेदन किया है और सभी दो साल से अंतिम सूची का इंतजार कर रहे हैं, ताकि 76 लोग नौकरी से जुड़ सकें और उनकी माली हालत में कुछ सुधार आ सके।
जांच की घोषणा शीघ्र
प्रतिक्रिया में जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती रेणु प्रकाश ने कहा कि महिला एवं बाल विकास समिति की सभापति पूजा दुबे द्वारा आज ज्ञापन देने कार्यालय पहुंची थीं, लेकिन सांसद की मीटिंग के कारण मुझसे मुलाकात नहीं हो पाई और ज्ञापन कार्यालय में दिया गया। उन्होंने बताया कि कलेक्टर महोदय द्वारा जांच टीम की घोषणा शीघ्र की जाएगी।

