DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

आबकारी-कॉन्स्टेबल एग्जाम…लड़कियों के दुपट्टे-काले कपड़े उतरवाए:2 मिनट की देरी पर नहीं मिली एंट्री, खैरागढ़ में कलेक्ट्रेट घेराव, मनेंद्रगढ़ में कैंडिडेट्स ने फाड़े एडमिट कार्ड

रायपुर,एजेंसी। छत्तीसगढ़ में रविवार को 200 पदों के लिए आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा (ABA25) आयोजित हुई। प्रदेशभर में 900 एग्जाम सेंटर बनाए गए थे। इस दौरान एग्जाम सेंटर में एंट्री से पहले लड़कियों के काले कपड़े और दुपट्टे उतरवाए गए। लड़कों के जूते निकलवाए गए।

वहीं रायपुर में एक अभ्यर्थी डार्क कलर का कपड़ा पहन कर आई थी, जिसके बाद उन्हें प्रवेश नहीं दिया गया। तब उसने बाजार से एक नई टी-शर्ट खरीदी। वापस सेंटर आते तक 10:32 मिनट हो गए, जिससे गेट बंद कर दिया गया। 2 मिनट की देरी होने पर एंट्री नहीं दी गई।

वहीं खैरागढ़ एग्जाम नहीं दे पाए अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने कलेक्टर निवास घेरा। इस दौरान पुलिस से उनकी तीखी बहस और धक्का-मुक्की भी हुई। अभ्यर्थियों ने कहा कि समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचे थे, लेकिन ड्रेस कोड का हवाला देकर एग्जाम नहीं देने दिया। मनेंद्रगढ़ में अभ्यर्थियों ने एडमिट कार्ड फाड़ दिए।

सबसे पहले एग्जाम सेंटर्स की तस्वीरें देखिए…

एग्जाम सेंटर में लड़कियों के काले कपड़े और दुपट्टे उतरवा लिए गए।

रायपुर के एग्जाम सेंटर में लड़कों से बेल्ट निकलवा लिए गए।

एग्जाम सेंटर में एडमिट कार्ड दिखाने के बाद अभ्यर्थी अंदर गए।

जानिए क्या है पूरा मामला ?

दरअसल, बिलासपुर में PWD सब-इंजीनियर एग्जाम में हाईटेक नकल का मामला सामने आने के बाद व्यापमं ने कुछ नियम बदले हैं। इसी वजह से एग्जाम सेंटर में एंट्री से पहले कड़ी जांच की गई, जिससे कई अभ्यर्थी एग्जाम नहीं दे पाए। नए नियमों के तहत, लड़कों को भी बेल्ट और जूते उतारने पड़े।

रायपुर में 90 परीक्षा सेंटर बनाए गए थे। एक कैंडिडेट ने बताया कि डार्क कलर का कपड़ा पहनकर आई थी, जिसके बाद उन्हें प्रवेश नहीं दिया गया। उसने बाजार से एक नई टी-शर्ट खरीदी। वापस सेंटर आते तक 10:32 मिनट हो गए, लेकिन गेट बंद कर दिया गया। उसे अंदर प्रवेश नहीं दिया गया।

कुछ कैंडिडेट काले रंग के दुपट्टे और काले रंग के कपड़े पहनकर आए थे, जिसके बाद उनसे दुपट्टे उतरवाए गए और काले रंग का कपड़ा भी बदलवाया गया। देर से आने वाले अभ्यर्थियों को एंट्री नहीं मिली। वे बाहर ही खड़े मिन्नतें करते रहे। परीक्षा का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक था।

नए नियम के तहत अभ्यर्थियों के जूते भी निकलवा लिए गए।

खैरागढ़ में अभ्यर्थियों ने घेरा कलेक्टर निवास

आबकारी कॉन्स्टेबल परीक्षा से वंचित अभ्यर्थियों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। खैरागढ़ में परीक्षा से बाहर किए गए अभ्यर्थियों ने कलेक्टर निवास का घेराव कर दिया। इस दौरान पुलिस से उनकी तीखी बहस और धक्का-मुक्की जैसी स्थिति भी बन गई।

प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों का आरोप है कि वे परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचे थे, लेकिन ड्रेस कोड का हवाला देकर उन्हें प्रवेश से रोक दिया गया। जब वे पास में ही कपड़े बदलकर लौटे, तब तक परीक्षा केंद्र के गेट बंद कर दिए गए। उन्हें अंदर प्रवेश नहीं दिया गया।

डिप्टी कलेक्टर रेणुका रात्रे ने बताया कि व्यापमं द्वारा परीक्षा निर्देशों में कुछ बदलाव किए गए हैं, जिसका प्रचार-प्रसार भी किया गया है। विभाग ने सभी प्रवेश पत्रों में हल्के रंग के कपड़े पहनने के निर्देश भी स्पष्ट रूप से छपवाए हैं। अगर इसके बाद भी अभ्यर्थी निर्देशों का पालन नहीं करते हैं, तो इसके लिए हम जिम्मेदार नहीं होंगे।

खैरागढ़ में परीक्षा से बाहर किए गए अभ्यर्थियों ने कलेक्टर निवास का घेराव कर दिया।

मनेंद्रगढ़ में भी दुपट्टे उतरवाए, अभ्यर्थियों ने फाड़ दिया एडमिट कार्ड

मनेंद्रगढ़ में भी आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा के दौरान जमकर हंगामा हुआ। एग्जाम सेंटर में एंट्री नहीं मिलने पर परीक्षार्थियों ने बवाल मचा दिया। एग्जाम सेंटर में सिटी कोतवाली पुलिस को बुलवाया गया, तब जाकर मामला शांत हुआ।अभ्यर्थियों का आरोप है कि समय से पहले परीक्षा केंद्र के गेट पर ताला लगा दिया गया, जिसके कारण अभ्यर्थी परीक्षा देने से वंचित हो गए।

अभ्यर्थियों ने बताया कि वे 100-150 किमी दूर से आए हैं। सरकार से निर्देश नहीं मिलने के कारण कुछ गलतफहमी हुई, लेकिन मानवता के आधार पर हम अभ्यर्थियों को परीक्षा देने का अधिकार मिलना चाहिए, लेकिन परीक्षा केंद्र प्रभारी ने हमारी बात नहीं सुनी। गुस्साए अभ्यर्थियों ने अपना एडमिट कार्ड फाड़ दिया।

युवती गुहार लगाती रही, लेकिन उसे डार्क कलर की टी-शर्ट में एंट्री नहीं मिली।

रायगढ़ के 41 केंद्रों में आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा के लिए 11,323 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इनमें से 8640 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो पाए। 2703 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। बताया जा रहा है कि सबसे ज्यादा अभ्यर्थी उत्तम मेमोरियल कॉलेज पटेलपाली में अनुपस्थित रहे। यहां 420 में से 305 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। 115 अनुपस्थित रहे।

इसके अलावा सेंट टेरेसा कॉन्वेंट स्कूल में 480 में से 371 अभ्यर्थी शामिल हुए। 109 अनुपस्थित रहे। साथ ही सभी 41 परीक्षा केंद्रों में कई अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस दौरान कई अभ्यर्थियों को समय पर नहीं आने और व्यापमं द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन नहीं करने पर वापस भेज दिया गया।

परीक्षा की गाइडलाइन पहले ही तय थी

बिलासपुर में हाईटेक नकल का मामला सामने आने के बाद व्यापमं ने अपनी सभी परीक्षाओं को लेकर कड़े नियम बनाए हैं। गाइडलाइन में बताया गया था कि एग्जाम सेंटर में जूते पहनकर आने पर बैन है। परीक्षार्थियों को केवल चप्पल पहनकर ही प्रवेश दिया जाएगा। साथ ही, हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनना अनिवार्य किया गया था।

एग्जाम सेंटर में लगाए गए जैमर

परीक्षा केंद्रों पर नकल रोकने के लिए सभी सेंटर पर जैमर लगाए गए। इसके साथ ही हर परीक्षार्थी की हैंड मेटल डिटेक्टर और तलाशी की गई। साथ ही परीक्षा हॉल में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अतिरिक्त निगरानी के इंतजाम किए गए थे।

Exit mobile version