DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

अंजोरीपाली में अवैध शराब पर आबकारी की दबिश:12 लीटर महुआ शराब और 345 किलो लाहन जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

सक्ती। सक्ती जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को अंजोरीपाली गांव में छापामार कार्रवाई कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 12 लीटर महुआ शराब और 345 किलो महुआ लाहन बरामद किया गया है।

आबकारी विभाग को अंजोरीपाली में अवैध महुआ शराब की बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के लिए टीम ने पहले छद्म ग्राहक के जरिए आरोपी से शराब खरीदी। इसके बाद टीम ने आरोपी के रिहायशी मकान में विधिवत तलाशी ली।

23 डिब्बों में मिला 345 किलो लाहन

तलाशी के दौरान अंजोरीपाली निवासी लोचन पटेल के कब्जे से तीन पीले रंग के जरिकेन में कुल 12 लीटर महुआ मदिरा मिली। इसके अलावा 23 प्लास्टिक डिब्बों में रखा 345 किलो महुआ लाहन भी बरामद किया गया। विभाग ने शराब और लाहन को जब्त कर लिया।

आबकारी एक्ट में केस, जेल भेजा गया

आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से रिमांड मिलने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।

अधिकारी-कर्मचारियों की टीम ने की कार्रवाई

इस कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल के नेतृत्व में की गई। टीम में नगर सैनिक वीरेंद्र यादव, भीम साहू और आबकारी स्टाफ बसंती चौधरी, कमलेश एवं परस शामिल रहे।

अवैध शराब की सूचना देने की अपील

आबकारी विभाग ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने लोगों से अवैध शराब से जुड़ी जानकारी नजदीकी आबकारी कार्यालय या टोल-फ्री नंबर पर देने की अपील की है।

Exit mobile version