जांजगीर। ग्राम बनाहिल स्थित वेदान्त सर्विस सीएससी सेंटर में हुए डेटोनेटर विस्फोट मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। यह कार्रवाई थाना मुलमुला पुलिस और साइबर टीम ने संयुक्त रूप से की है।

प्रार्थी भूपेन्द्र कुमार साहू, निवासी धरदेई थाना शिवरीनारायण, वर्तमान में बनाहिल में किराये के मकान में रहकर स्टेट बैंक के पास वेदान्त सर्विस नाम से सीएससी सेंटर संचालित करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि देर रात करीब 11.45 बजे दुकान का शटर खुलने और बंद होने जैसी आवाज आई। बाहर निकलकर देखा तो दुकान के भीतर धुआं भरा हुआ था और एक रस्सीनुमा वस्तु जलती दिखाई दी। जांच करने पर वह विस्फोटक डेटोनेटर निकला, जिसमें चार डेटोनेटर जुड़े हुए थे। भूपेन्द्र साहू ने तत्काल उसे दुकान के बाहर फेंका, इसी दौरान जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके से दुकान में रखा कंप्यूटर, सीपीयू, प्रिंटर, कुर्सी, रैक सहित अन्य सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। विस्फोट के कारण प्रार्थी के बाएं पैर में भी चोट आई। सूचना मिलते ही थाना मुलमुला पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने रूपेश कुमार वर्मा (41), रमन कुमार केंवट (32), निवासी पकरिया लटिया थाना अकलतरा और अनुज केंवट (45), निवासी बनाहिल थाना मुलमुला को हिरासत में लिया। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। वहां से तीनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार विस्फोटक सामग्री कहां से लाई गई और घटना के पीछे का उद्देश्य क्या था, इस संबंध में जांच जारी है।
