DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

भीषण गर्मी का कहर: कोरबा के गांव में 200 चमगादड़ मिले मृत

कोरबा/पाली/कटघोरा। कोरबा जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां के एक गांव में लगभग 200 चमगादड़ मृत मिले। अधिकारियों ने चमगादड़ों की मौत गर्मी होने की आशंका जताई है। पाली नगर पंचायत में नौकोनिया तालाब के किनारे पेड़ों पर हजारों चमगादड़ों ने शरण ली थी। 

कटघोरा संभागीय वन अधिकारी कुमार निशांत ने रविवार को बताया कि शनिवार को स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में चमगादड़ों के जमीन पर मृत पड़े होने जबकि कई के पेड़ से लटके होने की सूचना दी। उन्होंने बताया कि इसके बाद वनकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। अधिकारी ने बताया कि लगभग 200 चमगादड़ों की मौत हो गई और प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि उनकी मौत लू लगने से हुई है। 

उन्होंने बताया कि पशु चिकित्सा विभाग ने मृत्यु के सटीक कारण का पता लगाने के लिए मरे हुए चमगादड़ों के नमूने एकत्र किए। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को कोरबा क्षेत्र में तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। हर साल फरवरी और मार्च के महीने में बड़ी संख्या में चमगादड़ पाली पहुंचते हैं और तालाब के आसपास बसेरा बनाते हैं। 

अधिकारियों ने बताया कि इस साल उनकी संख्या काफी अधिक थी। रायपुर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार को कहा कि मध्य छत्तीसगढ़ के बिलासपुर (कोरबा सहित), रायपुर और दुर्ग क्षेत्रों में अगले पांच दिनों तक लू चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को राज्य में सबसे अधिक तापमान 46 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया जबकि राजधानी रायपुर में तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

Exit mobile version