DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

सुविधा अधूरी: 717 परिवार को आवंटित हुआ पीएम आवास, रहने कोई नहीं पहुंचा

कोरबा। शहर में बने पीएम आवास की सबसे बड़ी कॉलोनी में बसाने के लिए 717 परिवार को मकान आवंटित कर दिया गया है। लेकिन सुविधा आधी-अधूरी होने से अब तक एक भी परिवार वहां रहने के लिए नहीं पहुंचा है।

शहरी क्षेत्र में पीएम आवास योजना के तहत सबसे बड़ी कॉलोनी दादरखुर्द में बनाई गई है। जहां 2784 मकान बनाए गए हैं। मकानों का निर्माण तो पूरा हो गया है लेकिन गिनती के ब्लॉक ही तैयार हो सके हैं जबकि अधिकांश ब्लॉक में मकानों में टाइल्स व नीचे पेवर ब्लॉक लगाने के अलावा रंग-रोगन का काम बाकी है। जो ब्लॉक तैयार हो चुके हैं उनमें भी न तो बिजली की सुविधा है और न ही पानी की। कई ब्लॉक तक एप्रोच रोड ही नहीं बनी है। जबकि दूसरी ओर नगर निगम द्वारा अब तक 717 हितग्राहियों को मकान आवंटन किया जा चुका है। पिछले सप्ताह ही 68 हितग्राहियों को मकान आवंटित किया गया।

लेकिन उक्त 717 परिवारों में एक भी परिवार अब तक कॉलोनी में रहने के लिए नहीं पहुंचा है। वजह सुविधा आधी-अधूरी है जिस कारण आवंटन के बाद रहने की चाह में कॉलोनी पहुंचने वाले परिवार निराश होकर लौट जा रहे हैं। हितग्राही मकानों के आवंटन के बाद अब कार्य व पूरी सुविधा उपलब्ध होने का इंतजार कर रहे हैं।

न ब्लॉक का पता और ना ही मकान नंबर ही लिखा नगर निगम द्वारा जिन हितग्राहियों को पीएम आवास कॉलोनी में मकान आवंटित किया गया है उन्हें बाकायदा ब्लॉक का नाम और मकानों का नंबर बताया गया है। लेकिन जब हितग्राही कॉलोनी में मकान देखने पहुंच रहे हैं तो वहां पर ब्लॉक में न तो नाम लिखा है और न ही मकानों में नंबर का उल्लेख है। ब्लॉक की जानकारी कॉलोनी के चौकीदार को भी नहीं पता है। ऐसे में हितग्राहियों को यह भी नहीं पता चल पा रहा है कि उन्हें कौन सा मकान आवंटित हुआ है। रूमगरा निवासी संतोषी बाई के मुताबिक उसे दादरखुर्द में पीएम आवास आवंटित होने के बाद वे कॉलोनी में पहुंचे तो वहां मकान का ही पता नहीं चला।

कॉम्प्लेक्स भी बनेगा दादरखुर्द स्थित पीएम आवास कॉलोनी में फ्लैट सिस्टम से मकान का निर्माण किया गया है। जिसमें भूतल, प्रथम तल, द्वितीय तल व तृतीय तल बनाया गया है। कॉलोनी के सभी मकानों का आवंटन हो जाने के बाद ढाई हजार से ज्यादा परिवार निवासरत होंगे। इसलिए कॉलोनी में उद्यान और व्यावसायिक कॉम्पलेक्स का निर्माण किया जाएगा। वहीं सार्वजनिक कार्य के लिए सामुदायिक भवन भी बनाया जाएगा। कॉलोनी में नगर निगम द्वारा सड़क, नाली, पानी, बिजली सहित विविध मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। पानी के लिए कॉलोनी में बड़ी टंकी भी बनाई गई है।

Exit mobile version