DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

फडणवीस तीसरी बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री:शपथ के आधे घंटे बाद शिंदे और अजित के साथ मंत्रालय पहुंचे, पहली कैबिनेट थोड़ी देर में

मुंबई ,एजेंसी। महाराष्ट्र चुनाव रिजल्ट के 13 दिन बाद नई सरकार बन गई। देवेंद्र फडणवीस ने 10 साल में तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। ऐसा करने वाले वह भाजपा के पहले नेता हैं। शपथ के बाद वे PM मोदी के पास गए और अभिनंदन किया।

फडणवीस के बाद पूर्व मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने डिप्टी CM पद की शपथ ली। शपथ से पहले उन्होंने बाला साहेब ठाकरे और आनंद दिघे का नाम लिया। प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह को धन्यवाद दिया। वे राज्य के दूसरे नेता हैं जो CM के बाद डिप्टी CM बने।

शिंदे के बाद NCP नेता अजित पवार ने डिप्टी CM की शपथ ली। वह छठी बार राज्य के डिप्टी CM बने। वह महायुति और महाविकास अघाड़ी दोनों गठबंधन की सरकार में डिप्टी CM रहने वाले महाराष्ट्र के पहले नेता बन गए हैं।

शपथ समारोह मुंबई के आजाद मैदान में शाम 5:31 बजे शुरू हुआ, जो 16 मिनट यानी, 5:47 बजे तक चला। राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन के सामने तीनों नेताओं ने मराठी में शपथ ली।

समारोह में PM मोदी, अमित शाह, नितिन गडकरी के अलावा नीतीश कुमार, चंद्रबाबू नायडू समेत NDA शासित 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के CM और डिप्टी CM शामिल हुए।

शपथ के आधे घंटे बाद फडणवीस, शिंदे और अजित मंत्रालय पहुंचे। पहली कैबिनेट मीटिंग थोड़ी देर में शुरू होगी।

Exit mobile version