बिलासपुर,एजेंसी। बिलासपुर के बेलतरा के पूर्व विधायक और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष रजनीश सिंह के नाम और फोटो से किसी ने फर्जी फेसबुक आईडी बना ली है। इस फर्जी अकाउंट के जरिए उनके परिचितों और कार्यकर्ताओं से पैसों की डिमांड की जा रही है।
मामला सामने आने के बाद रजनीश सिंह ने सोशल मीडिया के जरिए लोगों को सावधान किया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि उनके नाम से पैसे मांगने वाले किसी भी मैसेज पर भरोसा न करें और पैसे न भेजें।

दरअसल, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष रजनीश सिंह इन दिनों परिवार के साथ शहर से बाहर हैं। इस दौरान उन्हें कुछ लोगों ने फोन कर बताया कि उनके फेसबुक आईडी से पैसे की डिमांड की जा रही है।
इसके बाद रजनीश सिंह ने अपनी फेसबुक आईडी चेक की, लेकिन उनकी असली आईडी से ऐसा कोई मैसेज नहीं भेजा गया था।
फर्जी आईडी बनाकर लगाई है तस्वीर
जब रजनीश सिंह ने मोबाइल से फेसबुक पर अपना नाम सर्च किया, तो उन्हें अपने नाम से एक फर्जी आईडी मिली। इस आईडी से लोगों को मैसेज भेजकर पैसे मांगे जा रहे थे।
किसी अज्ञात व्यक्ति ने रजनीश सिंह के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर यह फर्जी फेसबुक प्रोफाइल बनाई है।
सोशल मीडिया पर जारी किया मैसेज
मामले की जानकारी मिलने के बाद रजनीश सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से लोगों को सावधान किया। उन्होंने कहा कि उनके नाम से किसी भी फेसबुक आईडी या दूसरे सोशल मीडिया अकाउंट से अगर पैसे या आर्थिक मदद मांगी जाती है, तो उस पर भरोसा न करें और कोई रकम न दें।
उन्होंने लोगों से अपील की है कि ऐसे मैसेज या कॉल मिलने पर तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दें।
ऐसे साइबर ठगों से सावधान रहने की अपील
रजनीश सिंह ने लोगों से कहा कि सोशल मीडिया पर इस तरह की फर्जी प्रोफाइल के जरिए ठगी करने वाले लोगों से सावधान रहें। उन्होंने बताया कि फिलहाल वे बिलासपुर से बाहर हैं और वापस लौटने के बाद मामले की शिकायत पुलिस से करेंगे, ताकि फर्जी आईडी बनाने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
