DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

हार्डवेयर गोदाम में पैक कर रहे थे नकली धान बीज

बलरामपुर में प्रशासनिक अमले ने मारा छापा, नकली बीज और पैकिंग का सामान जब्त

बलरामपुर,एजेंसी। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के राजपुर में हार्डवेयर व्यवसायी के गोदाम में नकली धान बीज पैकिंग की शिकायत पर प्रशासनिक और कृषि अमले ने छापेमारी की। छापे के बाद दुकान संचालक दुकान और घर बंद कर भाग गया।

सोमवार को राजस्व और कृषि विभाग की टीम ने गोदाम की जांच की, तो बड़ी मात्रा में नकली धान बीज, धान बीज पैकिंग का सामान जब्त किया गया। मामले में एफआईआर दर्ज कराने के लिए प्रतिवेदन कलेक्टर को भेजा गया है।

गोदाम में पैक किया जा रहा था नकली धान बीज।

गोदाम में पैक किया जा रहा था नकली धान बीज।

नकली धान के बीज की पैकिंग

जानकारी के मुताबिक, राजपुर के हार्डवेयर व्यवसायी राजकुमार अग्रवाल के गोदाम में नकली धान बीज की पैकिंग करने और बेचने की सूचना प्रशासनिक अमले को मिली थी। सूचना पर शनिवार देर शाम राजपुर एसडीएम राजीव जेम्स कुजूर, तहसीलदार पूनम रश्मि तिग्गा के साथ डिप्टी डायरेक्टर एग्रीकल्चर और राजपुर के वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी की टीम मौके पर पहुंची।

रातभर पुलिस का पहरा, सुबह हो सकी जांच

जांच टीम को देखकर राजकुमार अग्रवाल दुकान और गोदाम बंद कर भाग निकला। उसने फोन भी बंद कर दिया। घरवालों ने दुकान और गोदाम नहीं खोला तो एसडीएम ने पूरे घर-गोदाम को सील कर दिया। पुलिस को मौके पर तैनात कर दिया गया। पुलिस टीम रात भर गोदाम के बाहर पहरा देती रही।

सोमवार सुबह व्यवसायी की पत्नी अंजू अग्रवाल ने घर खोलने के लिए संपर्क किया। पुलिस ने दुकान एवं घरों को खोला एवं व्यवसायी के गोदाम की जांच की।

नकली धान बीज पैकिंग का सामान जब्त

जांच में 255 बोरा धान बीज, 93 नग प्लास्टिक बोरी में हायर कंपनी के नाम से धान बीज, हायर कंपनी के नाम से बिना सील किया हुआ 42 बोरी धान, एक पैकिंग मशीन, 1 तौल मशीन जब्त किया गया है। प्रशासनिक टीम ने मौके पर प्रतिवेदन तैयार कर कलेक्टर बलरामपुर को भेजा जा रहा है। आशंका है कि व्यवसायी ने बड़ी मात्रा में धान बीज तैयार कर बिक्री के लिए भेजा है।

नकली बीज और खाद की बिक्री पर होगी एफआईआर

डायरेक्टर एग्रीकल्चर ने सभी कलेक्टरों को पत्र लिखकर नकली बीज और खाद की बिक्री पर सीधे एफआईआर दर्ज कराने का आदेश दिया है। इस मामले में भी व्यवसायी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी है।

Exit mobile version