दुर्घटना बीमा योजना के तहत पत्नी ललिता बाई के खाते में डीबीटी से हुआ भुगतान
कोरबा, 26 नवम्बर 2026। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत मत्स्य पालकों को प्रदान की जाने वाली निःशुल्क दुर्घटना बीमा योजना से जिले के पोड़ीउपरोड़ा विकासखंड के ग्राम बगबुड़ा (साखों) निवासी दिवंगत परमेश्वर बिंझवार के परिवार को आर्थिक सहायता मिली है। योजना के तहत उनके नामिनी पत्नी श्रीमती ललिता बाई को 5 लाख रुपये की बीमा राशि का भुगतान किया गया है।
स्वर्गीय श्री परमेश्वर बिंझवार का प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत दुर्घटना बीमा कराया गया था। विभागीय प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात नामिनी श्रीमती ललिता बाई के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से गो-डिजिट इंश्योरेंस कंपनी द्वारा 5 लाख रुपये की राशि अंतरित की गई। इस राशि से संकट की घड़ी में पीड़ित परिवार को आर्थिक संबल मिला है।
प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत मत्स्य पालकों का निःशुल्क दुर्घटना बीमा किया जाता है। इस योजना का लाभ हितग्राहियों को एनएफडीबी हैदराबाद के माध्यम से गो-डिजिट इंश्योरेंस कंपनी द्वारा प्रदान किया जाता है। बीमा के अंतर्गत मृत्यु होने पर 5 लाख रुपये, स्थायी एवं अस्थायी अपंगता पर 2.50 लाख रुपये तथा अस्पताल में भर्ती होने पर 25 हजार रुपये तक की सहायता राशि बीमित व्यक्ति अथवा नामिनी को प्रदान की जाती है।
