एसएल द्विवेदी ने कहा-मरावी की कर्तव्यनिष्ठा एवं काम करने का जज्बा सबको प्रेरित करेगा

कोरबा । जल संसाधन संभाग कोरबा के सहायक ग्रेड-2 जयप्रकाश मरावी को उनकी सेवा निवृत्ति पर विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए उनका सम्मान किया और दीर्घायु तथा स्वस्थ जीवन की शुभकामनाएं प्रेषित की।
मुख्य अतिथि के रूप में जयप्रकाश मरावी को मंच पर विराजमान कराकर उनका सबसे बड़ा सम्मान किया गया। श्री मरावी ने इस सम्मान के लिए विभाग के मुखिया कार्यपालन अभियंता एसएल द्विवेदी सहित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी सेवा के 40 साल विभाग को दिए हैं और इसके बदले विभाग से मुझे काफी स्नेह मिला। यही स्नेह और प्यार मेरे सेवा निवृत्त जीवन को नई ऊर्जा देते रहेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यपालन अभियंता एसएल द्विवेदी ने सेवा निवृत्ति पर जय प्रकाश मरावी को नव जीवन पर बधाई दी और कहा कि श्री मरावी अपने काम को लगन और ईमानदारी के साथ करते थे और पूरे जज्बे के साथ काम को पूरा भी करते थे। उनका यह गुण हम सबको प्रेरित करता रहेगा। कार्यक्रम में जिले के अधीक्षण अभियंता, सम्भाग सहित सभी अनुभाग के अधिकारी उपस्थित थे। कोरबा अनुभाग के एसडीओ एसएल रात्रे, पाली एसडीओ हरमन एक्का, कटघोरा क्र.-1 के एसडीओ कमलेश तिवारी, कटघोरा क्र.-2 के एसडीओ आरएम ओझा, क्वालिटी कंट्रोल के एआरओ संतोष नायक, पूर्व एसडीओ के.एस. पैकरा, मान चित्रकार द्वय रावेन्द्र सिंह, जे.पी. रैदास, संभागीय लेखा अधिकारी श्री कर सहित विभाग के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे। सभी अनुविभागी अधिकारियों ने भी विदाई समारोह को संबोधित किया और सभी ने श्री मरावी को सुदीर्घ एवं स्वस्थ जीवन की शुभकामनाएं दी। मान चित्रकार रावेन्द्र सिंह ने बताया कि श्री मरावी ने 40 साल विभाग को दिए हैं और सभी से उनका व्यवहार आकर्षिक रहा। वे 6 वर्ष हसदेव परियोजना मण्डल अधीक्षण अभियंता के कार्यालय में, 7 वर्ष मिनीमाता हसदेव बांगों डेम संभाग चाम्पा, क्र.-2 में, 5 वर्ष सक्ती में और यहीं से उनकी पदोन्नति हुई और फिर 18 साल हमारे संभाग को सेवा दी, यह बहुत बड़ी बात है।
