कोरबा में आदिवासी समाज नाराज, ST-SC एक्ट में कार्रवाई की मांग; समर्थन में आए बीजेपी नेता
कोरबा,एजेंसी। कोरबा जिले में किसान से मारपीट के मामले में भाजपा नेत्री ज्योति महंत समेत 3 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज हुई है। वहीं आदिवासी समाज ने आरोपियों पर एससी-एसटी एक्ट की धारा लगाने की मांग की है। ऐसा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी।
रामपुर के कांग्रेस विधायक फूल सिंह राठिया ने SP को पत्र लिखा है। वहीं भाजपा के पदाधिकारी सोशल मीडिया पर ज्योति महंत के समर्थन में आए हैं। भाजपा नेत्री अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष के साथ एसपी कार्यालय पहुंची।
मामला बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र का है। 7 जून को ग्राम बरेडिमुड़ा का किसान युवक बलवंत सिंह कंवर अपने बैल के साथ सड़क से गुजर रहा था। तभी ज्योति के साथ उसका विवाद हो गया और बात मारपीट तक पहुंच गई। ज्योति समेत 3 लोगों ने उसे सड़क पर लेटाकर मारा था।
किसान को सड़क पर लेटाकर पीटा।
झूठे केस में फंसाने की धमकी
पीड़ित किसान बलवान सिंह कंवर ने पुलिस को बताया कि वह अपने भाई चंद्रशेखर और मामा रंजीत के साथ हरदीबाजार में बैल खरीदने गया था। रावणभाटा के पास ज्योति महंत, अमन सिंह राजपूत और मुकेश राणा ने उन्हें रोका। आरोपियों ने गालियां दीं और मारपीट की।
पीड़ित के मुताबिक, भाजपा नेत्री ने उसे धमकी दी और कहा कि वह उसे चौराहे पर पिटवा देगी। इसके बाद आरोपी उसे जबरन बाइक पर बिठाकर थाने ले गए। थाना परिसर में भी उसके साथ मारपीट की गई। आरोपियों ने पुलिस और सरकार से अपने संबंधों की धौंस दिखाते हुए झूठे केस में फंसाने की धमकी दी।

आदिवासी समाज ने एससी-एसटी एक्ट की धारा लगाने की मांग की है।
मारपीट का वीडियो वायरल
इस घटना का वीडियो भी वायरल हुआ है। वीडियो में ज्योति महंत किसान को पीटते दिख रही है। मारते हुए कह रही है कि, माफी क्यों मांगा फिर, अगर गाली नहीं दिया है तो तो फिर माफी क्यों मांगा। मजाक बनाकर रख दिया है औरत जात को..रोड किसकी है….मरना है तो मर जा मुझे कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
वीडियो में दिख रहे 3 लोगों के खिलाफ FIR
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर 8 जून को भाजपा नेत्री ज्योति महंत, अमन कुमार राजपूत और मुकेश राणा के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
