DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

धान बेचने के लिए टोकन नहीं काट पा रहे किसान:‘टोकन तुंहर हाथ’ ऐप ठप, कंप्यूटर ऑपरेटर्स हड़ताल पर, पंजीयन और खरीदी दोनों अटके

रायपुर,एजेंसी। छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होने जा रही है, लेकिन ‘टोकन तुंहर हाथ’ ऐप बंद होने और कंप्यूटर ऑपरेटर्स के हड़ताल पर जाने की वजह से न तो किसानों का पंजीयन हो पा रहा है, न ही टोकन कट रहा है।

पंजीयन और टोकन दोनों में दिक्कत

धान बेचने के लिए किसानों को पहले एग्री स्टैक पोर्टल पर पंजीयन करना होता है और फिर ‘टोकन तुंहर हाथ’ ऐप से टोकन लेना होता है। लेकिन इस वक्त दोनों ही सिस्टम ठप हैं। किसानों का कहना है कि लॉगइन करने पर ऐप में लिखा आ रहा है- ‘टोकन पंजीयन फिलहाल बंद है।’ अधिकारियों ने बताया कि ऐप का नया संस्करण (version) प्ले स्टोर पर उपलब्ध नहीं है, इस वजह से सर्वर से लॉगइन नहीं हो पा रहा।

ठप है टोकन तुंहर हाथ एप

ठप है टोकन तुंहर हाथ एप

लाखों किसानों का अब तक नहीं हो पाया है पंजीयन

अब तक 7 लाख से ज्यादा किसान पंजीयन नहीं करा पाए हैं। पोर्टल में तकनीकी गड़बड़ी, डेटा एरर और खसरा-खतौनी मिलान की समस्या के कारण आवेदन रिजेक्ट हो रहे हैं। कई जिलों में वेबसाइट घंटों तक बंद रहने से किसानों को परेशान होना पड़ रहा है।

कंप्यूटर ऑपरेटरों की हड़ताल बनी बड़ी बाधा

प्रदेशभर में कंप्यूटर ऑपरेटर हड़ताल पर हैं। वे वेतनवृद्धि, नियमितीकरण और चार सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। ऑपरेटरों का कहना है कि अगर सरकार ने मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो वे 19 नवंबर को सामूहिक इस्तीफा सौंप देंगे। अगस्त में भी जब पंजीयन शुरू हुआ था, तब ऑपरेटरों की हड़ताल से काम ठप पड़ा था, और अब खरीदी के ठीक पहले वही स्थिति दोहराई जा रही है।

वैकल्पिक व्यवस्था की मांग

भारतीय किसान संघ के तेजराम विद्रोही ने कहा कि जिन किसानों का पंजीयन नहीं हो पा रहा है, जिनका ऑनलाइन पंजीयन या टोकन नहीं हो पा रहा है, उन्हें सोसायटी स्तर पर पंजीयन की अनुमति दी जाए। उनका कहना है कि अगर यह स्थिति जारी रही तो हजारों किसान धान खरीदी से वंचित रह जाएंगे।

नए नियमों से बढ़ी चिंता

धान बेचने के लिए अब किसानों को रकबा सत्यापन कराना जरूरी है। यह प्रक्रिया डिजिटल गिरदावरी सर्वे के बाद भी अनिवार्य की गई है। किसानों का कहना है कि यह अनावश्यक और समय लेने वाली प्रक्रिया है, जिससे खरीदी पर असर पड़ सकता है।

Exit mobile version