जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ क्षेत्र स्थित डोंगा-कोहरौद में सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का आमरण अनशन तीसरे दिन भी जारी रहा। सोमवार देर शाम एक अनशनकारी की तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि स्वास्थ्य विभाग की टीम समय पर मौके पर नहीं पहुंची।

मंगलवार को हुई बारिश के बीच ग्रामीणों ने बदहाल सड़क और जलभराव के विरोध में अनूठा प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी सड़क पर भरे पानी में उतर गए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उनका कहना है कि वर्षों से सड़क की बदहाली झेलने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, डोंगा-कोहरौद से बलौदाबाजार मार्ग का लगभग पांच किलोमीटर हिस्सा पिछले 15 वर्षों से जर्जर अवस्था में है। बरसात के मौसम में यह सड़क तालाब का रूप ले लेती है, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक सड़क निर्माण को लेकर प्रशासन की ओर से लिखित आश्वासन नहीं दिया जाता, तब तक आमरण अनशन और आंदोलन जारी रहेगा। ग्रामीणों का कहना है कि वे लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन उन्हें अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं।
