जांजगीर। टीसीएल महाविद्यालय में की गई फीस वृद्धि के विरोध में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने शव यात्रा निकालकर विरोध जताया। पिछले दो महीनों से महाविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया चल रही है, लेकिन छात्रों का आरोप है कि इस वर्ष कॉलेज द्वारा पिछले वर्ष की तुलना में अधिक फीस ली जा रही है। कई बार प्रबंधन से बात करने के बावजूद छात्रों को संतोषजनक जवाब नहीं मिला, जिससे नाराज होकर उन्होंने गुरुवार को प्रदर्शन किया। विधानसभा अध्यक्ष आकाश तिवारी ने बताया कि माइक्रोबायोलॉजी, बायोटेक्नोलॉजी सहित अन्य स्नातकोत्तर विषयों में छात्रों से दोगुनी फीस ली जा रही है, जबकि सुविधाएं लगातार घट रही हैं।
पाठ्यक्रम की सामग्री पुरानी और अनुपयोगी है। कक्षाओं की कमी के कारण छात्र खुले छत पर पढ़ने को मजबूर हैं। प्राचार्य द्वारा मनमाने तरीके से गुणवत्ताहीन सामग्री खरीदी जा रही है। इस दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय प्रबंधन की शव यात्रा निकालकर शोक सभा का आयोजन किया। कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष जितेन्द्र दिनकर, चेयरमैन प्रिया सिंह ठाकुर, सुजल राठौर, गौतम कटारे, वासु यादव, अमन तिवारी, हर्ष शुक्ला, चेतन देवांगन, मुकेश केशी, मयंक, करण सिंह, यक्ष शर्मा, देव यादव, सोनू राठौर, अमन सिंह, यश शर्मा, साक्षी राठौर, नरेंद्र दिनकर, अनुराग, राहुल खरे, दीप्ति सिंह, धनेश्वरी, आर्या सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए।

