DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

दो गुटों में जमकर मारपीट, लाठी-बेल्ट से किया हमला :आधे घंटे तक हुई झड़प, बाइकों में तोड़फोड़, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ की शिकायत

कोरबा। कोरबा में बाइकर्स के दो गुट आपस में भिड़ गए। दोनों तरफ के लोग करीब आधे घंटे तक एक-दूसरे को दौड़ाकर पीटते रहे। मारपीट के दौरान लाठी, बेल्ट, डंडा और चूड़ा तक का इस्तेमाल किया गया। दोनों गुटों ने एक-दूसरे की बाइकों में भी खूब तोड़फोड़ की।

पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह मामला सीएसईबी पुलिस चौकी क्षेत्र के दशहरा मैदान (बुधवारी) का है।

आरा मशीन में रहने वाले राहुल महंत ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। राहुल ने बताया कि रात लगभग 10:30 बजे वह अपने दोस्त कार्तिक दास के साथ सीएसईबी चौक से घर लौट रहा था।

इसी दौरान राहुल, हर्ष, बंटी और उनके साथी पहुंचे और रोककर पैसे मांगने लगे। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने राहुल महंत और उनके दोस्त के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने राहुल महंत की बाइक (क्रमांक सीजी 12 एई 7830) में भी तोड़फोड़ की।

दूसरे गुट ने भी दर्ज कराई शिकायत

इधर, दूसरे बाइकर गुट के सागर यादव ने भी पुलिस में शिकायत की है। वह रात को खाना खाकर अपने साथी के साथ घर के पास टहल रहा था। तभी पृथ्वी चौहान और उसके साथी आ गए और उन्होंने सागर और उसके साथियों से मारपीट की। इसके बाद सागर की बाइक को भी नुकसान पहुंचाया गया।

दोनों गुटों की यह लड़ाई किसी ने वीडियो में कैद कर ली, जो सोशल मीडिया में वायरल हो चुका है।

कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।

Exit mobile version