कोरबा। कोरबा में मंगलवार रात करीब 11 बजे दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस घटना में चार लोग घायल हो गए, जबकि एक घर में तोड़फोड़ भी की गई। यह मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सिंगापुर इलाके का है।

जानकारी के अनुसार, सिंगापुर निवासी 23 वर्षीय घनश्याम प्रजापति अपने घर पर था। तभी 10 से 15 की संख्या में युवक लाठी-डंडे लेकर उसके घर पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी। जब घनश्याम के माता-पिता और बहन ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो उनके साथ भी मारपीट की गई।
युवक की पिटाई के समय पिता पर भी हमला
हमलावरों ने घर के खिड़की-दरवाजे और बाहर खड़ी बाइक में भी तोड़फोड़ की। घायल युवक के पिता रघुवीर प्रजापति ने बताया कि वह अपने कमरे में आराम कर रहे थे, तभी बेटे के चिल्लाने की आवाज सुनकर बाहर आए।
उन्होंने देखा कि 10-15 लड़के उनके बेटे पर हमला कर रहे थे। जब उन्होंने बीच-बचाव का प्रयास किया, तो किसी ने उनके सिर पर हथियार से हमला कर उन्हें घायल कर दिया।
बाइक को भी नुकसान पहुंचाया
घायल युवक की मां मानमती ने बताया कि हमलावरों ने घर के आंगन में खड़ी बाइक को भी नुकसान पहुंचाया और खिड़की-दरवाजों पर पत्थरबाजी की। बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार ईंट बनाने का काम करता है और यह मारपीट पुरानी रंजिश के चलते हुई है।
सिविल लाइन थाना पुलिस को तत्काल घटना की शिकायत दी गई। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि सिंगापुर में दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना सामने आई है। पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों के खिलाफ जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।
