DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

शराब दुकान के चखना सेंटर में मारपीट, 3 घायल:कोरबा में खाली बोतल से हमला किया, आरोपियों के तलाश में जुटी पुलिस

कोरबा। कोरबा में होली इवेंट के दौरान दो गुटों के बीच मारपीट की घटना सामने आई है। यह घटना दादर स्थित शराब दुकान के चखना सेंटर में हुई। मारपीट में तीन लोग घायल हो गए। घटना मानिकपुरी पुलिस चौकी क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार, मानिकपुर इलाके के एक भवन में होली इवेंट आयोजित था। कार्यक्रम के दौरान दो गुटों के युवकों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। बहस के बाद एक गुट के युवक शराब पीने दादर स्थित शराब दुकान पहुंचे।

यहां दूसरा गुट भी पहुंच गया। इसके बाद दोनों गुटों के बीच फिर से विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर जमकर मारपीट हुई। मारपीट के दौरान कुछ युवकों ने एक घायल के सिर पर शराब की खाली बोतल से हमला किया। इस घटना में तीन लोग घायल हुए हैं।

CCTV में कैद हुई घटना

मारपीट की घटना चखना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। किसी ने घटना का वीडियो भी बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मानिकपुर चौकी पुलिस वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मारपीट करने वाले आरोपियों की तलाश कर रही है।

शांति व्यवस्था बनाए रखने विशेष अभियान

होली पर्व के मद्देनजर कोरबा पुलिस जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने विशेष अभियान चला रही है। “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत हाल ही में 67 गिरफ्तारी वारंटी और 30 स्थायी वारंटी सहित कुल 97 वारंटियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।

Exit mobile version