DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

भगवान शिव-राम पर आपत्तिजनक पोस्ट के बाद आरोपी पर FIR:कटघोरा थाने में भाजपा नेताओं ने दी शिकायत, BNS की धारा 299 में केस दर्ज

कोरबा/कटघोरा। कोरबा के कटघोरा में हिंदू देवी-देवताओं को लेकर सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला गरमा गया है। इंस्टाग्राम पर भगवान शिव और भगवान राम को लेकर आपत्तिजनक शब्दों वाली पोस्ट शेयर करने के आरोप में कटघोरा पुलिस ने नितेश मिरी उर्फ मिंटू मिरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 के तहत FIR दर्ज की है।

मामला सामने आने के बाद भाजपा नेताओं और स्थानीय नागरिकों ने थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग की।

भाजपा नेताओं ने थाने पहुंचकर दी शिकायत

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीना शर्मा, जिला उपाध्यक्ष मनोज डिकसेना समेत कई पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक बुधवार को कटघोरा थाने पहुंचे। शिकायत में आरोप लगाया गया कि सावन के महीने में भगवान शिव और सनातन देवी-देवताओं के खिलाफ की गई टिप्पणी से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। भाजपा नेताओं ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

पोस्ट वायरल होने के बाद बढ़ा आक्रोश

भाजपा कार्यकारिणी सदस्य मीना शर्मा के मुताबिक, आरोपी के इंस्टाग्राम अकाउंट से कथित तौर पर भगवान शिव और भगवान राम को लेकर आपत्तिजनक सामग्री शेयर की गई थी। पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हिंदू संगठनों और भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ गई।

आरोपी ने कहा- सामग्री कहीं और से मिली

आरोपी नितेश मिरी ने दावा किया है कि यह सामग्री उसे किसी अन्य जगह से मिली थी और उसने खुद इसे तैयार नहीं किया। इसके बाद भाजपा नेताओं ने प्रशासन से मांग की है कि सामग्री तैयार करने और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वाले सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।

पुलिस कर रही पोस्ट के स्रोत की जांच

कटघोरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी के सोशल मीडिया अकाउंट, पोस्ट के स्रोत और उसे आगे शेयर करने वाले लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version