DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

पामगढ़ चक्का जाम पर 6 नामजद सहित कई पर FIR:जर्जर सड़क निर्माण की मांग को लेकर किया गया था मार्ग अवरुद्ध

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में जर्जर सड़क निर्माण की मांग को लेकर किए गए चक्काजाम के मामले में पुलिस ने 6 नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह चक्काजाम 3 जुलाई को आंबेडकर चौक के पास किया गया था।

ग्रामीणों के अनुसार, ग्राम डोंगकहरौद में पिछले 15 वर्षों से 5 किलोमीटर सड़क का निर्माण अधूरा है। बरसात के दौरान सड़क की खराब स्थिति के कारण ग्रामीणों, विद्यार्थियों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या को लेकर ग्रामीणों ने चक्काजाम किया था।

मुख्य मार्ग पर रुका यातायात

पुलिस के मुताबिक, चक्काजाम के कारण मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। इससे आम नागरिकों, यात्रियों और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

6 नामजद सहित अन्य पर मामला दर्ज

मामले की जांच के बाद पामगढ़ पुलिस ने 6 नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि चक्काजाम में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने की अपील

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी मांग या समस्या के समाधान के लिए कानून अपने हाथ में न लें। सार्वजनिक मार्ग अवरुद्ध करना दंडनीय अपराध है और इससे मरीजों, विद्यार्थियों तथा आपातकालीन सेवाओं को परेशानी होती है।

वैधानिक तरीके से रखें अपनी बात

पुलिस ने कहा कि जनसमस्याओं को शांतिपूर्ण और वैधानिक तरीके से प्रशासन और संबंधित विभाग के सामने रखा जाना चाहिए। कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version