DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कोरबा में टायर दुकान में आग लगी:बाहर रखे सामान जले, दुकानदार ने जताया असामाजिक तत्वों पर शक, करीब एक लाख रुपए का नुकसान

कोरबा। शहर के सीएसईबी चौकी क्षेत्र में महाराणा प्रताप चौक के पास स्थित एक टायर दुकान में शनिवार सुबह भीषण आग लग गई। आग से दुकान के बाहर रखे टायर और अन्य सामान जलकर खाक हो गए। आग इतनी तेज थी कि ऊंची लपटें उठने लगीं। आसपास के लोगों ने मिलकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इससे आग पास की दूसरी दुकानों तक फैलने से बच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

सुबह टायर दुकान में लगी आग

जानकारी के मुताबिक, महाराणा प्रताप चौक के पास मोहम्मद नौशाद की ‘अब्दुल्ला टायर’ नाम से दुकान है। शनिवार सुबह एक स्थानीय व्यक्ति ने फोन कर उन्हें दुकान में आग लगने की सूचना दी। दुकान संचालक मौके पर पहुंचे तो बाहर रखे टायर जल रहे थे और आग दुकान के अंदर तक पहुंच चुकी थी।

आग देखकर आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे। सभी ने मिलकर पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। काफी देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। लोगों की तत्परता से आसपास की दूसरी दुकानें आग की चपेट में आने से बच गईं। हालांकि, तब तक दुकान के बाहर रखे टायर और अन्य सामान जल चुके थे।

दुकान संचालक के मुताबिक, आग से उन्हें करीब एक लाख रुपए का नुकसान हुआ है। उन्होंने आशंका जताई है कि किसी असामाजिक तत्व ने जानबूझकर टायरों में आग लगाई होगी। उनका कहना है कि इलाके में रात के समय कुछ लोग नशे की हालत में घूमते रहते हैं। ऐसे में उन्हें किसी की शरारत या साजिश का शक है।

फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है। घटना की सूचना सीएसईबी चौकी पुलिस को दे दी गई है। दुकानदार ने पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

Exit mobile version