DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

चलती बस के गियर बॉक्स में लगी आग:कोरबा से बिलासपुर जा रही थी, धुआं भरते ही सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतारा गया

कोरबा। कोरबा जिले के कटघोरा तहसील चौक के पास चलती यात्री बस के गियर बॉक्स में अचानक आग लग गई। धुआं उठते ही बस के केबिन में धुआं भर गया और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

ड्राइवर ने तुरंत बस सड़क किनारे रोकी और सभी यात्रियों को नीचे उतार दिया। बस में करीब 20 से 25 यात्री सवार थे। सभी सुरक्षित हैं। यह घटना कटघोरा तहसील चौक की है।

गियर बॉक्स से उठने लगा धुआं

जानकारी के मुताबिक, यादव ट्रेवल्स की बस कोरबा से बिलासपुर जा रही थी। कटघोरा तहसील चौक के पास पहुंचते ही गियर बॉक्स से धुआं निकलने लगा। कुछ ही देर में केबिन में धुआं भर गया। धुएं की गंध आते ही यात्री घबरा गए और बस में चीख-पुकार मच गई।

चालक ने तुरंत रोकी बस, सभी यात्रियों को उतारा

स्थिति को भांपते हुए चालक ने बस को सड़क किनारे रोका और यात्रियों को तत्काल नीचे उतरने के लिए कहा। घबराए यात्री जल्दबाजी में बस से बाहर निकले। गनीमत रही कि आग गियर बॉक्स तक ही सीमित रही और पूरी बस उसकी चपेट में नहीं आई।

15 मिनट तक सुलगता रहा गियर बॉक्स

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गियर बॉक्स करीब 15 मिनट तक सुलगता रहा। स्थानीय लोगों के साथ चालक और परिचालक ने पानी डालकर आग पर काबू पाया। घटना के दौरान मौके पर भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए सड़क पर वाहनों की कतार लग गई।

दूसरी बस से बिलासपुर भेजे गए यात्री

हादसे में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। सभी यात्रियों को दूसरी बस से बिलासपुर के लिए रवाना किया गया। बस में तकनीकी खराबी के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह की पुष्टि नहीं हुई है।

Exit mobile version