DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

जांजगीर-चांपा में धान खरीदी केंद्र में लगी आग:20 गठान बारदाना जलकर राख, 8 लाख रुपए से अधिक का नुकसान

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड स्थित ग्राम लगरा की सहकारी समिति में (धान खरीदी केंद्र) आग लगने से 20 गठान बारदाना जलकर खाक हो गया। इस घटना में 8 लाख रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।

समिति में कुल 30 गठान नए बारदाने रखे हुए थे, जिनमें से 20 गठान आग की चपेट में आ गए। हालांकि, 10 गठान बारदाने को समय रहते सुरक्षित बचा लिया गया। आग लगने का कारण अभी अज्ञात है।

यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब जिले में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू हो चुकी है। हालांकि, टोकन नहीं कटने के कारण अभी तक धान की खरीदी नहीं हो पाई थी। सभी उपार्जन केंद्रों पर नए बारदाने छोड़े गए थे।

विधायक ने की जांच की मांग

स्थानीय विधायक व्यास कश्यप ने इस घटना को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सरकार की धान खरीदी की कोई तैयारी नहीं है और बिना सुरक्षा के खाली केंद्रों में खुले में बारदाने नहीं छोड़ने चाहिए थे, खासकर जब अधिकारी-कर्मचारी हड़ताल पर हैं। उन्होंने घटना की गहन जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

FIR दर्ज

नोडल अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारी को मौके पर भेजकर जांच के निर्देश दिए गए हैं। पामगढ़ थाने में इस मामले में केस भी दर्ज कराया जाएगा। उन्होंने भी आग लगने के कारण को अज्ञात बताया और कहा कि जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ पाएगी।

Exit mobile version