DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

चांपा में टीवी सेंटर में लगी आग

लाखों का इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर खाक, शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

जांजगीर-चांपा । चांपा शहर संजय नगर अंडरब्रिज के पास स्थित कुमार टीवी सेंटर में लगी आग से करीब 25 से 27 लाख रुपए का इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर राख हो गया। फिलहाल टीवी सेंटर में आग लगने का कारण अज्ञात है। मगर शॉर्ट सर्किट से होने की आशंका जताई जा रही है। घटना चांपा थाना क्षेत्र की है।

दुकान संचालक ने बताया कि मंगलवार की रात दुकान बंद करके वे घर चले गए थे। बुधवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने दुकान से धुआं निकलते देखा। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना दी। जब दुकान का दरवाजा खोला गया तो अंदर आग लगी मिली।

दुकान में रखे इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर खाक

आग की चपेट में आने से दुकान में रखे टीवी, इनवर्टर, बुफर बॉक्स समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान पूरी तरह नष्ट हो गए। घटना के समय दुकान बंद होने के कारण कोई हताहत नहीं हुआ।

सूचना मिलते ही चांपा पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग बुझाने के लिए दो दमकल गाड़ियां भेजी गईं। लेकिन तब तक दुकान का अधिकांश सामान जल चुका था। चांपा पुलिस के अनुसार प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है।

Exit mobile version