आइची- नागोया/ नई दिल्ली, एजेंसी। भारत ने 20वें एशियन गेम्स के पहले दिन 2 सिल्वर मेडल जीत लिए हैं। दोनों मेडल 10 मीटर राइफल शूटिंग में आए। जबकि स्विमिंग और वुशु के मेडल गंवाए हैं।
रविवार को एलावेनिल वलारिवन ने 10 मीटर राइफल इंडिविजुअल्स इवेंट में 252.4 अंक के साथ सिल्वर जीता। वे 0.6 अंक से गोल्ड मेडल चूक गईं। जापान की हिनाता ताइची ने 253.0 पॉइंट्स लेकर गोल्ड जीता।
इससे पहले भारतीय महिला टीम ने 1898.0 अंक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। इस टीम में एलावेनिल, सोनम मस्कर और विदारसा विनोद शामिल रहीं।
सिल्वर मेडल के साथ भारतीय महिला टीम।
सुचिका ने पहला मेडल पक्का किया
सुचिका तरियाल ने मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स की ट्रेडिशनल कैटेगरी (-60 kg) के सेमीफाइनल में पहुंचकर मेडल पक्का किया। उन्होंने मंगोलिया की अल्तनचिमेग बैगलमा को 2-0 से हराया।

क्वार्टर फाइनल मैच जीतने के बाद सुचिका तरियाल।
चीन 11 गोल्ड के साथ नंबर-1, भारत 10वें स्थान पर आया
भारत मेडल टैली में 10वें स्थान पर है। चीन 11 गोल्ड समेत 20 मेडल जीतकर पहले स्थान पर है। वहीं, मेजबान जापान 6 गोल्ड के साथ नंबर-2 पर है।
टेबल टेनिस- मेंस टीम को ईरान ने हराया
टेबल टेनिस के मेंस टीम ग्रुप-F मुकाबले में भारत को ईरान के खिलाफ 0-3 से हार का सामना करना पड़ा। मानुष शाह को नोशाद अलामियान ने 3-0 से हराया, जबकि मानव ठक्कर भी बेन्यामिन फराजी के खिलाफ 0-3 से हार गए।
इसके बाद हरमीत देसाई ने नीमा अलामियान के खिलाफ कड़ा मुकाबला खेला, लेकिन 2-3 से हार गए। इस जीत के साथ ईरान ने मुकाबला 3-0 से अपने नाम किया।
फाइनल हारने पर कहा- ‘मेडल पक्का होने के बाद मैं थोड़ी रिलैक्स हो गई थीं-वलारिवन
एशियन गेम्स में 10 मीटर एयर राइफल में सिल्वर मेडल जीतने वाली एलावेनिल वलारिवन ने कहा- ‘यह पूरी टीम की मेहनत का नतीजा है। यह पूरी टीम का कॉन्फिडेंस बढ़ाएगा।’
- फाइनल हारने पर कहा- ‘मेडल पक्का होने के बाद मैं थोड़ी रिलैक्स हो गई थीं। मुझे फाइनल में अपने प्रदर्शन पर और काम करने की जरूरत है।
- अपने प्रदर्शन पर कहा, ‘मुझे लगा कि मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ दिया। मेरे लिए यह सीखने की प्रोसेस है। मैं अब आराम और रिकवरी पर ध्यान दूंगी।
- मजाक में कहा कि उन्हें अपना बिस्तर बहुत याद आ रहा है। वे कोच व टीम साथियों के साथ मेडल सेलिब्रेट करना चाहती हैं।
टेबल टेनिस- भारत ने सिंगापुर को 3-2 से हराया
भारत ने सिंगापुर को 3-2 से हराकर रोमांचक मैच अपने नाम किया। यशस्विनी घोरपड़े ने लोय मिंग को रोमांचक मुकाबले में 5-11, 11-8, 12-10, 4-11, 11-9 से हराकर भारत की जीत पक्की की।
इससे पहले यशस्विनी ने अपने दोनों मैच जीते, जबकि श्रीजा अकुला ने अपना दूसरा मैच जीतकर भारत की वापसी की उम्मीद बनाए रखी।
तैराकी- ऋषभ दास 100 मीटर बैकस्ट्रोक में छठे स्थान पर रहे
भारतीय तैराक ऋषभ दास 100 मीटर बैकस्ट्रोक स्विमिंग के फाइनल में छठे स्थान पर रहे। वे हीट्स में 54.85 सेकंड के साथ पांचवें स्थान पर रहकर फाइनल में पहुंचे थे। इस इवेंट का गोल्ड चीन के जियायु शू ने जीता। जापान के हिदेकाजु ताकेहारा को सिल्वर और साउथ कोरिया के जुहो ली को ब्रॉन्ज मिला।
हॉकी- भारतीय पुरुष टीम ने इंडोनेशिया को 13-1 से हराया
भारतीय पुरुष टीम ने इंडोनेशिया को 13-1 से हराकर हॉकी टूर्नामेंट में जीत के साथ शुरुआत की। भारत ने 13 गोल किए, जबकि इंडोनेशिया सिर्फ एक गोल कर सका। क्रेग फुल्टन की टीम का अगला मुकाबला मंगलवार को श्रीलंका से होगा।
वजन कम करने सौना बाथ लेने गया भारतीय खिलाड़ी बेहोश, एशियाड से बाहर
एशियाड में हिस्सा लेने गया भारतीय खिलाड़ी सौना बाथ के दौरान बेहोश हो गया। इसके बाद उसे मेडिकल अनफिट घोषित कर दिया गया।
MMA फाइटर वरुण सान्याल 77 KG वेट कैटेगरी का क्वार्टर फाइनल खेलने वाले थे। वरुण शनिवार रात को वजन कम करने के लिए सौना बाथ लेने गए थे। एक नेपाली खिलाड़ी ने उन्हें देखा और मेडिकल टीम तक पहुंचाने में मदद की।
भारत महिला क्रिकेट के फाइनल में, श्रीलंका से मुकाबला 22 सितंबर को
भारतीय टीम महिला क्रिकेट के फाइनल में पहुंच गई है। उसने रविवार को बांग्लदेश को 114 रन के बड़े अंतर से हराया। टीम इंडिया का फाइनल मैच 22 सितंबर को श्रीलंका से होगा।
बैडमिंटन: भारत ने कजाकिस्तान को 3-0 से हराया
भारतीय महिला टीम ने बैडमिंटन के पहले राउंड में कजाकिस्तान को 3-0 से हराया। भारतीय टीम ने तीनों मुकाबलों में जीतकर क्लीन स्वीप किया।
तन्वी शर्मा ने आखिरी मुकाबले में डायना नामेनोवा को 21-5, 21-10 से हराया। इससे पहले उन्नति हुड्डा ने अलीसा कुलेशोवा को 21-7, 21-10 से और पीवी सिंधु ने कामीला स्मागुलोवा को 21-7, 21-9 से हराया।
भारत अब महिला टीम इवेंट में पदक पक्का करने के लिए 22 सितंबर को जापान से भिड़ेगा।
पहले मैच के दौरान भारतीय स्टार पीवी सिंधु।
हॉकी- भारतीय महिला टीम ने उज्बेकिस्तान को 19-0 से हराया
भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स में जीत से शुरुआत की है। उसने रविवार को अपने पहले मैच में उज्बेकिस्तान को 19-0 से हराया।
नागोया में खेले गए पूल बी के विमेंस मैच में दीपिका ने सबसे ज्यादा 8 गोल दागे। उन्होंने 8वें, 22वें, 25वें, 33वें, 36वें, 38वें, 41वें और 54वें मिनट में गोल किए। वे महिला हॉकी के किसी एक मैच में सबसे ज्यादा गोल करने वाली खिलाड़ी बनीं।
एलावेनिल ने सिल्वर दिलाया, आखिरी शॉट में गोल्ड छूटा
भारतीय शूटर एलावेनिल वलारिवन ने विमेंस 10 मीटर एयर राइफल फाइनल में फाइनल की शुरुआत से बढ़त बनाई। वे 21 शॉट तक गोल्ड मेडल की दावेदार थीं।
22 शॉट के बाद एलावेनिल 231.9 अंक के साथ दूसरे स्थान पर आ गईं। हिनाता 232.2 अंक के साथ पहले स्थान पर थीं।
अंतिम शॉट में एलावेनिल ने 10.1 अंक बनाए। हिनाता ने 10.2 अंक हासिल कर गोल्ड मेडल जीता। मजबूत प्रदर्शन के बाद एलावेनिल को सिल्वर मेडल मिला। भारतीय शूटर सोनम मस्कर ने 167.0 अंक के साथ छठे स्थान पर रहीं।
टेबल टेनिस- भारतीय पुरुष टीम भी जीती
टेनिस टेनिस में भारतीय पुरुष टीम ने जीत से शुरुआत की है। ग्रुप-F में भारत ने इंडोनेशिया को 3-0 से हराया।
- पहला मैच: जी. साथियान ने एम. नेगारा को 3-0 से हराया।
- दूसरा मैच: मानव ठक्कर ने एम. जुनिंद्रा को 3-2 से हराया।
- तीसरा मैच: मनुष शाह ने ए. प्रतामा को 3-0 से हराया।
भारत का अगला मुकाबला 20 सितंबर को ईरान के खिलाफ दोपहर 3 बजे से होगा।
शूटिंग- 2 भारतीय 10 मीटर राइफल के फाइनल में
- सोनम मस्कर ने तीसरे स्थान पर रहकर फाइनल में जगह बनाई। उन्होंने 634.1 अंक हासिल किए।
- एलावेनिल वलारिवन ने 633.5 अंक के साथ 7वें स्थान पर रहीं। वे भी फाइनल में पहुंची।
शूटिंग- महिला 10 मी. राइफल टीम इवेंट में सिल्वर आया, चीन को गोल्ड
भारत ने 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में सिल्वर जीता। एलावेनिल वलारिवन, सोनम मस्कर और विदारसा विनोद की टीम ने 1898.0 अंक हासिल किए।
चीन ने 1904.2 अंकों के वर्ल्ड रिकॉर्ड स्कोर के साथ गोल्ड जीता। मेजबान जापान 1897.1 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। यह एची-नागोया 20वें एशियन गेम्स में भारत का पहला पक्का मेडल है।
फाइनल मैच के दौरान भारतीय महिला टीम की एलावेनिल वलारिवन।
सुचिका के बारे में जानिए
- 36 साल की सुचिका लंबे समय से कई मुकाबला खेलों में हिस्सा ले रही हैं। उन्होंने जूडो, कुराश, जिउ-जित्सु और अब MMA में अपना करियर बनाया है।
- सुचिका ने 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में जूडो में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। उन्होंने 2023 एशियन गेम्स में कुराश में भी हिस्सा लिया।
- 2024 में सुचिका जिउ-जित्सु की वर्ल्ड चैंपियन बनी थीं। खेल से दूर होने के बाद दोस्तों के प्रोत्साहन पर उन्होंने दोबारा प्रतियोगिताओं में वापसी की।
- सुचिका ने MMA को नई चुनौती के तौर पर चुना। घुटने की चोट और कई मुश्किलों के बावजूद उन्होंने इस खेल में एशियन गेम्स डेब्यू किया।
मेडल पक्का करने के बाद सुचिका।
