DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के हाथों तीन समाचार पत्रों के प्रथम अंक का भव्य विमोचन

श्याम कुमार गुप्ता, हिमांशु चौहान एवं पिंगल बघेल को नई मीडिया यात्रा की शुरुआत पर मिली शुभकामनाएं, बोले मंत्री – जनहित में पत्रकारिता करते रहिए, हरसंभव सहयोग के लिए हम तैयार हैं

रायगढ़। छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओम प्रकाश चौधरी के करकमलों से आज तीन समाचार पत्रों के प्रथम अंक का गरिमामय विमोचन किया गया। इस अवसर पर रायगढ़ जिले में पत्रकारिता के क्षेत्र में एक नई पहल की शुरुआत हुई।

विमोचित होने वाले समाचार पत्रों में प्रेस रिपोर्टर क्लब के प्रदेश सचिव छत्तीसगढ़ लोक सारथी के प्रधान संपादक एवं राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक मीडिया न्यूज़ चैनल APN न्यूज़ के रायगढ़ जिला चीफ ब्यूरो श्याम कुमार गुप्ता, प्रेस रिपोर्टर क्लब के रायगढ़ जिला अध्यक्ष एवं जन जन की मातृभूमि के प्रधान संपादक हिमांशु चौहान तथा प्रेस रिपोर्टर क्लब के संभाग सचिव एवं रायगढ़ माटी महक के प्रधान संपादक पिंगल बघेल के समाचार पत्रों के प्रथम अंक शामिल रहे।

इस गरिमामय अवसर पर वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने तीनों समाचार पत्रों का विमोचन करते हुए तीनों संपादकों को नई शुरुआत के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि समाचार पत्र का प्रकाशन एक बड़ी जिम्मेदारी है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज की आवाज को सामने लाना और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता देना सराहनीय कार्य है।

उन्होंने विशेष रूप से कहा कि मेरे लायक किसी भी प्रकार के सहयोग की आवश्यकता हो तो जरूर बताइएगा। बड़ी खुशी की बात है कि आप लोग अखबार का संचालन कर रहे हैं। इसे आगे बढ़ाइए और जनहित में इसी तरह काम करते रहिए।

श्याम कुमार गुप्ता ने जताया आभार, कहा – जनहित के मुद्दों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का बनेगा माध्यम

इस अवसर पर प्रेस रिपोर्टर क्लब के प्रदेश सचिव, छत्तीसगढ़ लोक सारथी के प्रधान संपादक एवं APN न्यूज़ के रायगढ़ जिला चीफ ब्यूरो श्याम कुमार गुप्ता ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस उपलब्धि के लिए मैं हमारे प्रेस रिपोर्टर क्लब के प्रदेश अध्यक्ष संजय सोनी भैया, हमारे मार्गदर्शक एवं संरक्षक बलबीर शर्मा भैया तथा विशेष रूप से छत्तीसगढ़ प्रदेश के ऊर्जावान युवा आइकॉन एवं युवा मंत्री ओ.पी. चौधरी जी का हृदय से धन्यवाद करता हूं।

उन्होंने कहा कि मंत्री जी ने अपने व्यस्त समय में हमें समय दिया और जनहित के उद्देश्य से प्रकाशित होने वाले तीनों समाचार पत्रों के प्रथम अंक के विमोचन के लिए अपनी गरिमामय उपस्थिति एवं अनुमति प्रदान की, इसके लिए हम उनके आभारी हैं।

श्री गुप्ता ने आगे कहा कि हमारा पूरा प्रयास रहेगा कि हम जनहित के मुद्दों को लेकर हमेशा शासन-प्रशासन और आम जनता के बीच एक माध्यम एवं मजबूत कड़ी के रूप में कार्य करें। बेहतर तालमेल और सकारात्मक सोच के साथ ऐसी खबरें प्रकाशित करने का प्रयास करेंगे, जो समाज की वास्तविक समस्याओं को सामने लाएं। हमारे समाचार पत्रों के माध्यम से सच का आईना दिखाने वाले समाचारों को हमेशा प्रमुखता दी जाएगी। पत्रकारिता का हमारा उद्देश्य केवल समाचार प्रकाशित करना नहीं, बल्कि जनहित, सामाजिक सरोकार और आम नागरिकों की आवाज को उचित मंच प्रदान करना होगा।
बलबीर शर्मा ने तीनों संपादकों को दिया आशीर्वाद

कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित संगठन के मार्गदर्शक एवं संरक्षक, रायगढ़ जिले के विख्यात व्यक्तित्व तथा भारत सरकार के नेहरू युवा केंद्र के पूर्व डिप्टी डायरेक्टर बलबीर शर्मा ने तीनों संपादकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्याम कुमार गुप्ता मेरे छोटे भाई और बेटे के समान हैं। हिमांशु चौहान और पिंगल बघेल भी मेरे बच्चों जैसे हैं। ये सभी मीडिया के क्षेत्र में बहुत अच्छा काम कर रहे हैं।
प्रेस रिपोर्टर क्लब के पदाधिकारियों की रही गरिमामय उपस्थिति
इस अवसर पर प्रेस रिपोर्टर क्लब के जिला उपाध्यक्ष परमजीत सिंह भाटिया, जो आर पार दैनिक न्यूज़ अखबार के रायगढ़ जिला चीफ ब्यूरो भी हैं, जिला उपाध्यक्ष साथ महंत, जिला मीडिया प्रभारी सुरेश कुमार पटेल, शत्रुघ्न साहू, सुमित पटेल सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
सभी ने तीनों समाचार पत्रों के प्रथम अंक के विमोचन पर संपादकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

Exit mobile version