DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कोरबा में मछली पकड़ते पति गहरे पानी में डूबा:पत्नी ने बचाने की कोशिश की, खुद बाल-बाल बची, 24 घंटे बाद शव मिला

कोरबा। कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के कुदुरमाल एनिकट में मछली पकड़ने गए एक पति-पत्नी के साथ हादसा हो गया। गहरे पानी में डूबने से धरम धनुहार (40) की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी बाल-बाल बच गई। नगर सेना की DDRF टीम ने रविवार सुबह रेस्क्यू कर शव बरामद किया।

जानकारी के अनुसार, कुदुरमाल ग्राम पंचायत के परसाभवना गांव निवासी धरम धनुहार शनिवार (19 सितम्बर) सुबह अपनी पत्नी के साथ एनिकट गया था। दोनों वहां मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान धरम अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।

मछली पकड़ते समय गहरे पानी में गया युवक

पति को डूबता देख पत्नी ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव और पानी की गहराई के कारण वह सफल नहीं हो सकी। उसकी आंखों के सामने ही धरम गहरे पानी में समा गया। घबराई पत्नी किसी तरह गांव पहुंची और परिजनों व ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।

सूचना पर पुलिस पहुंची, DDRF ने शुरू किया रेस्क्यू

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण एनिकट पहुंचे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने पुलिस टीम को मौके पर भेजा और नगर सेना की DDRF टीम को भी जानकारी दी गई।

DDRF की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। पानी का तेज बहाव और अधिक गहराई होने के बावजूद टीम ने शनिवार देर शाम तक तलाश की, लेकिन धरम का कोई पता नहीं चला।

रविवार सुबह मिला शव

रविवार सुबह (20 सितम्बर) DDRF की टीम ने दोबारा एनिकट में तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद टीम ने धरम धनुहार का शव पानी से बरामद कर लिया। शव मिलने के बाद परिजनों में मातम छा गया।उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि शव बरामद कर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

सुरक्षा इंतजाम की मांग

हादसे के बाद ग्रामीणों ने कुदुरमाल एनिकट में सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे इंतजाम होने से लोगों को गहरे और खतरनाक हिस्सों के बारे में पहले से जानकारी मिल सकेगी और हादसों को रोका जा सकेगा।

Exit mobile version