फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल के 100वें संस्करण में 300 से अधिक युवाओं ने निभाई भागीदारी
नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवन अपनाने और नशामुक्त कोरबा बनाने का लिया संकल्प
कोरबा, 29 नवंबर 2026। युवाओं को नशे से दूर रखने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज घंटाघर परिसर में फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल के 100वें संस्करण का आयोजन किया गया। ‘नशामुक्त युवा भारत’ की थीम पर जिला प्रशासन द्वारा नगर पालिक निगम कोरबा एवं माय भारत के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में 300 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। युवाओं ने साइकिल रैली के माध्यम से आम नागरिकों को स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन जीने का संदेश दिया तथा कोरबा जिले को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिक निगम के सभापति नूतन सिंह ठाकुर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने और नशे की ओर बढ़ते उनके कदमों को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वर्तमान समय में नशे की गिरफ्त में आ रहे युवाओं को सही दिशा दिखाना हम सभी का सामाजिक एवं नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त भारत, नशामुक्त छत्तीसगढ़ और नशामुक्त कोरबा की संकल्पना को साकार करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। युवा देश की शक्ति हैं। उनकी ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग राष्ट्र एवं समाज के विकास में हो, इसके लिए उन्हें खेलकूद, व्यायाम और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा कोरबा को नशामुक्त बनाने के लिए निरंतर जागरूकता अभियान संचालित किए जा रहे हैं। नशामुक्ति केवल प्रशासनिक अभियान नहीं, बल्कि एक सामूहिक सामाजिक जिम्मेदारी है। विभिन्न कारणों से नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को इससे बाहर निकालकर जीवन की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि नशामुक्त जीवन से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य भी सुदृढ़ होता है। फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल जैसे आयोजन युवाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करने का प्रभावी माध्यम हैं।
कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति को लेकर हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं युवाओं ने हस्ताक्षर कर नशामुक्त समाज के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर उपस्थित युवाओं ने स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल के 100वें संस्करण में युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। बड़ी संख्या में साइकिल लेकर पहुंचे युवाओं ने फिटनेस को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और नशे से दूर रहकर सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। यह आयोजन महज एक साइकिल रैली नहीं, बल्कि स्वस्थ युवा, स्वस्थ समाज और सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में सामूहिक प्रयास का प्रतीक बना।
इस अवसर पर पार्षद पंकज देवांगन, हितानंद अग्रवाल, राकेश वर्मा, प्रताप सिंह कंवर, रामकुमार साहू, नगर पालिक निगम के अपर आयुक्त पवन वर्मा, माय भारत की सुश्री ईशा गौतम सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
