जांजगीर चांपा। क्षेत्र के महुदा स्थित जीडी शांति पावर प्लांट में घुसकर कर्मियों से मारपीट और तोड़फोड़ करने वाले पांच आरोपियों को चांपा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना 23 जुलाई की सुबह हुई थी। प्लांट में काम के दौरान फरसवानी गांव के नाबालिग भुवन बरेठ की कन्वेयर बेल्ट में फंसने से मौत हो गई थी।
घटना के बाद परिजन प्लांट पहुंचे और कर्मचारियों से विवाद करने लगे। इस दौरान फरसवानी निवासी मनीराम बरेठ अपने साथियों के साथ प्लांट पहुंचा। वहां मौजूद कर्मचारी नरेंद्र साहू और दीपक दास महंत के साथ मारपीट की। साथ आए अन्य लोगों ने भी कर्मचारियों से मारपीट की और प्लांट में खड़ी बोलेरो गाड़ी का कांच लोहे की रॉड से तोड़ दिए।
घटना की रिपोर्ट दीपक दास महंत ने 25 जुलाई को थाना चांपा में दर्ज कराई। उसने बताया कि वह 23 जुलाई को सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक बॉयलर डेस्क ऑपरेटर की ड्यूटी पर था। उसी दौरान सुबह 6.30 बजे भुवन बरेठ काम पर आया था। वह ट्रांसफर टावर में कन्वेयर बेल्ट चालू करने गया था, जहां बेल्ट में फंसने से उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों के लोग और मृतक के परिजन प्लांट पहुंचे। वहां उन्होंने हंगामा किया और कर्मचारियों से झगड़ा किया। पुलिस ने मामले में मनीराम बरेठ (40) परसवानी थाना उरगा, नागेश्वर बरेठ (21) परसवानी, शिव शंकर बरेठ (27) बलौदा, देवचरण बरेठ (43) परसवानी और अतुल बरेठ (21) फरसवानी को गिरफ्तार कर लिया है।
