DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कोरबा के कनकेश्वर धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब:दर्शन के लिए भक्तों की भारी भीड़, भोलेनाथ के जयकारों से गूंजा मंदिर, पुलिस बल तैनात

कोरबा। कोरबा जिले के प्रसिद्ध कनकी कनकेश्वर धाम में सावन माह के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। हर सोमवार और सावन के अन्य दिनों में यहां हजारों भक्त भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। मंदिर के पुजारी पुरुषोत्तम यादव के अनुसार, अब तक लगभग 2 से 3 हजार श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।

पुजारी पुरुषोत्तम यादव ने बताया कि सुबह से ही मंदिर में दर्शनार्थियों की लंबी कतारें लग जाती हैं। भक्त जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और विशेष पूजा-पाठ कर अपनी मनोकामनाएं पूरी करते हैं। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों से माहौल भक्तिमय बना हुआ है। दूर-दराज से आए श्रद्धालु कनकेश्वर धाम के दर्शन कर रहे हैं।

पुजारी ने आपातकालीन व्यवस्था की मांग की

बढ़ती भीड़ के कारण मंदिर में सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं को लेकर चिंताएं भी सामने आई हैं। पुजारी ने प्रशासन से मंदिर में आपातकालीन व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में यहां फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस जैसी कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है, जो हजारों श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए एक बड़ा जोखिम है।

प्रशासन से सुविधाएं बढ़ाने की मांग

पुजारी यादव ने कहा, “श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। यदि किसी प्रकार की दुर्घटना या स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति उत्पन्न होती है, तो तुरंत मदद के लिए कोई साधन उपलब्ध नहीं है। प्रशासन को मंदिर परिसर में फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।”

इस बीच, सर्वमंगला चौकी पुलिस ने भी अपनी भूमिका निभाई है। कोरबा पुलिस ने कनकीं के कनकेश्वर धाम जाने वाले बोल बम श्रद्धालुओं से सुरक्षित यात्रा करने का निवेदन किया। पुलिस जवानों ने बोल बम यात्रियों का स्वागत किया, उन्हें चाय पिलाई और उनके ठहरने की व्यवस्था में भी सहयोग किया।

कई भक्तों की अनोखी आस्था भी देखने को मिली। कुछ श्रद्धालु अपने निवास स्थान से जमीन पर लेटते हुए और शरीर से नापते हुए कनकीं कनकेश्वर धाम के लिए रवाना हुए। बताया जा रहा है कि यह उनकी मनोकामना पूर्ण होने की मन्नत का प्रतीक है। ऐसे भक्तों को देखकर पूरे मार्ग में श्रद्धा का माहौल बना रहा।

Exit mobile version