नई दिल्ली/भोपाल/लखनऊ,एजेंसी। झारखंड के जमशेदपुर में लव कुश आवासीय स्कूल में बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए। स्कूल में 162 बच्चे फंस गए। सोशल मीडिया से जानकारी मिलने के बाद जमशेदपुर पुलिस ने बच्चों को बचाया।
उधर, उत्तरकाशी में यमुनोत्री मार्ग पर बादल फटने से निर्माणाधीन होटल में काम करने वाले 2 मजदूरों की मौत हो गई और 7 मजदूर लापता हैं। वहीं, बागेश्वर में सरयू नदी ने खतरे का निशान पार कर लिया है। अलकनंदा और सरस्वती भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।
देश के ज्यादातर हिस्सों में मानसूनी बारिश जारी है। उत्तराखंड में शनिवार से भारी बारिश जारी है। यहां चारधाम यात्रा अगले 24 घंटे के लिए रोक दी गई है। यात्रियों को हरिद्वार, ऋषिकेश, श्रीनगर, रुद्रप्रयाग, सोनप्रयाग और विकासनगर में ही रोकने के आदेश दिए गए हैं।
उत्तराखंड में बादल फटने की तस्वीरें…
उत्तरकाशी के सिलाई बैंड इलाके में बादल फटने की घटना में निर्माणाधीन होटल में रह रहे 9 मजदूर लापता हो गए हैं।
उत्तरकाशी के डीएम प्रशांत आर्य ने बताया कि यमुनोत्री मार्ग भी इस आपदा से प्रभावित हुआ है। यहां राहत-बचाव कार्य जारी है।
मानसून ने पूरा देश कवर किया, आज बारिश का अलर्ट
मानसून ने पूरे देश को कवर कर लिया है। मौसम विभाग (IMD) ने बताया है कि आमतौर पर यह 8 जुलाई तक होता है, लेकिन इस बार मानसून 9 दिन पहले ही पूरे देश में फैल गया। देशभर में आज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
केरल में जलस्तर बढ़ने के बाद बांधों के गेट खोले
केरल में भारी बारिश के बाद कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। राज्य के पलक्कड़ और पथानामथिट्टा जिलों के बांधों के गेट खोले गए हैं। निचले इलाकों से लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र (INCOIS) ने कहा- आज केरल तटीय इलाकों में 2- 3 मीटर तक ऊंची लहरें उठने की संभावना है।
राज्यों से मौसम की तस्वीरें…
चंडीगढ़-शिमला फोरलेन पर रविवार सुबह लैंडस्लाइड से चक्की मोड़ के पास मलबा जमा हो गया।
जमशेदपुर के एक स्कूल के हॉस्टल में 162 बच्चे फंसे हुए थे, उन्हें नाव और रस्सियों की मदद से रेस्क्यू किया गया।

उत्तराखंड के चमोली में बद्रीनाथ नेशनल हाईवे पर लैंडस्लाइड में कार मलबे में दब गई।
ओडिशा के मयूरभंज में भारी बारिश से देव नदी उफान पर आ गई और जमुआ घाट पुल ढह गया।
दिल्ली के इंदिरागांधी एयरपोर्ट के पास शनिवार शाम को करीब एक घंटे तक तेज बारिश हुई।
मध्य प्रदेश के सतना में भारी बारिश के बाद निचले इलाकों में पानी भर गया। सड़कें भी डूब गईं।
उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में मंदाकिनी नदी उफान पर आने के बाद निचले इलाकों में पानी भर गया।
बिहार के वैशाली में पीपा पुल बंद हो जाने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ओडिशा के पुरी में जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान तेज बारिश हुई। हालांकि श्रद्धालु तब भी डटे रहे।
दिल्ली-NCR में सोमवार को भारी बारिश के आसार
दिल्ली-NCR में भारी बारिश की संभावना है क्योंकि मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। उत्तर प्रदेश में तेज बारिश की संभावना है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्यों में तेज बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी है। यहां तेज बारिश का यलो अलर्ट है।
मध्य प्रदेश, राजस्थान में भी तेज बारिश की चेतावनी है। राजस्थान में बारिश का यलो-ऑरेंज अलर्ट है। बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल में भी बारिश जारी रहेगी। बिजली भी गिर सकती है। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी है।
गोवा, महाराष्ट्र, गुजरात में अगले 6 दिन तेज बारिश की चेतावनी है। दक्षिणी भारत के राज्यों में बारिश जारी रहेगी।
