लखनऊ ,एजेंसी। उत्तर प्रदेश भाजपा संगठन में अब बूथ से लेकर प्रदेश लेवल तक महिलाओं को 33 फीसदी जगह दी जाएगी।देश में नारी शक्ति वंदन अधिनियम लागू होने के बाद पहली बार भाजपा संगठन का चुनाव हो रहा है। सोमवार को महिलाओं को 33 फीसदी पद देने का निर्णय हुआ है।
भाजपा के संगठन चुनाव के लिए इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में चुनाव प्रभारी महेंद्रनाथ पांडेय ने कहा- चुनाव की प्रक्रिया 15 नवंबर से शुरू होगी। 15 से 30 नवंबर तक सभी 1.63 लाख से ज्यादा बूथों पर बूथ अध्यक्ष और बूथ समिति का चुनाव होगा। उसके बाद मंडल के चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी।
उन्होंने बताया कि संगठन चुनाव के लिए 5 से 7 नवंबर तक सभी 98 संगठनात्मक जिलों में कार्यशाला होगी। उसके बाद 8-15 नवंबर तक मंडल स्तर पर कार्यशाला होगी। उन्होंने कहा कि संगठन चुनाव के लिए बूथ समिति गठन उन्हीं बूथों पर किया जाएगा, जहां पार्टी के 50 से अधिक प्राथमिक सदस्य हों। बूथ समिति में एक बूथ अध्यक्ष, एक सचिव, एक वॉट्सऐप ग्रुप प्रमुख, एक मन की बात प्रमुख होगा। समिति में से ही पन्ना प्रमुखों का चयन भी किया जाएगा।
महिला, एससी और ओबीसी की पूरी भागीदारी हो
महेंद्रनाथ पांडेय ने कहा- संगठन में महिलाओं को न्यूनतम 33 फीसदी पद दिए जाएंगे। 11 सदस्यीय बूथ समिति में भी कम से कम तीन महिलाएं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति और ओबीसी वर्ग का प्रतिनिधित्व भी पर्याप्त होना चाहिए। ऐसा सामने आया है कि मंडल और जिलों की टीम में ओबीसी और एससी वर्ग के लोगों की संख्या कम रहती है। बूथ अध्यक्ष में पार्टी के सक्रिय सदस्य को प्राथमिकता दी जाएगी।
पुनर्विचार समिति गठित होगी
महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने बताया कि संगठन चुनाव में किसी भी तरह की शिकायत के समाधान के लिए पुनर्विचार समिति गठित होगी। समिति में एक संयोजक और दो सह-संयोजक होंगे। शिकायत को ई-मेल या लिखित पत्र के माध्यम से समिति को भेजा जाएगा। महेंद्रनाथ पांडेय ने कहा कि मंडल से लेकर प्रदेश टीम में पार्टी के सक्रिय सदस्य को ही पद दिया जाएगा।
सदस्यता अभियान के सह प्रभारियों को दी जिम्मेदारी
सदस्यता अभियान के सह प्रभारियों को क्षेत्र आवंटित किए हैं। अनिल चौधरी को पश्चिम, हरीश कुमार सिंह को बृज, मुकुट बिहारी वर्मा को कानपुर, रंजना उपाध्याय को अवध, राजेंद्र तिवारी को काशी और कमलेश कुमार को गोरखपुर क्षेत्र की जिम्मेदारी दी है। प्रदेश मंत्री शिवभूषण सिंह और डॉ. अरुणकांत त्रिपाठी को प्रदेश समन्वयक बनाया गया है।
