DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

वनकर्मियों पर तस्करों का हमला, बंधक बनाकर पिटाई:कोरबा में कर्मचारी संघ ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सौंपा ज्ञापन

कोरबा। कोरबा में वनकर्मियों पर लकड़ी तस्करों ने हमला कर उन्हें बंधक बना लिया और मारपीट की। इस घटना के बाद छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

यह घटना करतला वन परिक्षेत्र के ग्राम जोगीपाली में 14 नवंबर की रात हुई थी। सहायक वन परिक्षेत्राधिकारी चमरू सिंह कंवर और बीट गार्ड गजाधर सिंह राठिया रामपुर के जंगल में 38 हाथियों के झुंड की निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें कक्ष क्रमांक OA 1464 मुड़धोवा पतरा जंगल से साल की लकड़ी की तस्करी की सूचना मिली।

लाठी-डंडों से हमला कर वनकर्मियों को घायल किया

तस्करों की तलाश में मौके पर पहुंचने पर उन्हें जोगीपाली निवासी अंकुश पटेल और मना राम पटेल ट्रैक्टर में साल के लट्ठे ले जाते हुए मिले। उनके साथ लगभग एक दर्जन अन्य लोग भी थे। इन लोगों ने वनकर्मियों के साथ मारपीट की, उनका मोबाइल लूट लिया और जबरन उन्हें गांव ले गए। गांव में लाठी-डंडों से हमला कर वनकर्मियों को घायल कर दिया गया और कुल्हाड़ी से उनकी हत्या का प्रयास भी किया गया।

जान बचाकर भागे वनकर्मियों ने थाने में की शिकायत

किसी तरह जान बचाकर भागे वनकर्मियों ने करतला थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने लगभग एक दर्जन तस्करों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है, लेकिन घटना के चार दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है और न ही मामले में कोई आगे की कार्रवाई हुई है।

इस घटना के बाद वनकर्मी लामबंद हो गए थे। अब कर्मचारियों के हित और न्याय के लिए छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ भी सामने आया है। मंगलवार को संभागीय अध्यक्ष प्रीतम पुराइन और जिलाध्यक्ष कमलेश कुम्हार की उपस्थिति में कर्मचारियों की एक बैठक आयोजित की गई।

बैठक के बाद संघ के सदस्य पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और पुलिस अधीक्षक के नाम डीएसपी मुख्यालय को ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन के माध्यम से वनकर्मियों पर हमला करने वाले आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र गिरफ्तारी नहीं होती है, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

Exit mobile version